नई दिल्ली। PM Modi भारत और अमेरिका के बीच जमी बर्फ पिघलने लगी है। रूस से तेल खरीदने और 50 फीसदी अमेरिकी शुल्क के कारण भारत-अमेरिका संबंधों में आए तनाव को दूर करने के लिए खुद पीएम नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने स्तर पर प्रयास तेज कर दिए हैं। बुधवार को दोनों नेताओं ने संकेत दिया है कि भारत और अमेरिका के बीच जल्द ही व्यापार समझौता हो सकता है।
दोहा हमले पर PM Modi चिंतित, कतर की संप्रभुता का किया समर्थन
ऐसे में अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ में भारी कटौती को लेकर भी फैसला होने की संभावना है। इसे लेकर ट्रंप और PM Modi जल्द ही टेलीफोन पर बातचीत भी करने वाले हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने यह जानकारी दी है। हफ्ते में दूसरी बार पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर संवाद किया, एक-दूसरे की तारीफ की और द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
माना जा रहा है कि अगर सबकुछ ठीक रहा तो भारत में क्वाड शिखर सम्मेलन को लेकर भी स्थिति जल्द ही स्पष्ट हो जाएगी। इसके लिए राष्ट्रपति ट्रंप के भारत आने की संभावना है।
PM Modi भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ता भारत-अमेरिका साझेदारी की असीमित संभावनाओं के द्वार खोलेगी। हमारी टीमें इस मुद्दे पर बातचीत को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए काम कर रही हैं। साथ मिलकर हम अपने लोगों के लिए एक उज्जवल और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करेंगे।”

