Uttarakhand Weather Today : उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में आज के दिन भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी दी गई है। मौसम का यह बदला हुआ मिजाज आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
Uttarakhand Weather Today : देहरादून में बारिश के साथ हुई दिन की शुरुआत
देहरादून में सुबह का मौसम गर्जन और बिजली चमकने के साथ बारिश लेकर आया। पूरे दिन मौसम बार-बार करवट बदलता रहा। सुबह की चटक धूप के कारण गर्मी महसूस होने लगी थी, लेकिन दोपहर होते-होते अचानक बारिश शुरू हो गई। हल्की बूंदाबांदी से शुरू होकर यह झमाझम बारिश में बदल गई। शहर में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है और बादल छाए रहने की उम्मीद है।
Uttarakhand Weather Today : बारिश से जनजीवन प्रभावित, बच्चों और यातायात को परेशानी
बारिश के चलते आम जनजीवन काफी प्रभावित हुआ। खासकर स्कूल की छुट्टी के समय बारिश ने बच्चों को मुश्किल में डाल दिया। कई जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ और जलभराव के कारण जाम की स्थिति बन गई। चौक-चौराहों पर पानी भर जाने से वाहन चालकों को कठिनाई का सामना करना पड़ा।
Uttarakhand Weather Today : उत्तरकाशी में गदेरे उफान पर, हाईवे बाधित
उत्तरकाशी जिले के डुंडा विकासखंड के मातली गांव में दो गदेरे उफान पर आ गए, जिससे कई घरों में पानी घुस गया। डर के कारण लगभग 20 घरों के लोग नजदीकी होटल में शरण लेने को मजबूर हो गए। गंगोत्री हाईवे पर मलबा आने के कारण पांच घंटे तक यातायात बाधित रहा। जोशियाड़ा, कोटी और बंगा रोड क्षेत्र में भी नालों के उफान पर आने से कई घर प्रभावित हुए। कई मकानों की सुरक्षा दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोगों ने डर के साए में पूरी रात जागकर गुजारी।

