नई दिल्ली। राजनीतिक यात्रा में कई कीर्तिमान अपने नाम कर चुके PM Modi के खाते में एक और नया रिकॉर्ड जुड़ गया। शुक्रवार, 25 जुलाई को प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल के 4078 दिन पूरे करने के साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को पीछे छोड़ दिया है और सबसे लंबे समय तक रहने वाले भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बन गए हैं।
‘पहलगाम आतंकी हमला, अहमदाबाद प्लेन क्रैश’, भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते के दौरान PM Modi ने क्या-क्या कहा
PM Modi 1947 के बाद पैदा हुए पहले प्रधानमंत्री
इसके साथ ही वह राज्य और केंद्र मिलाकर लगातार 24 वर्षों तक सरकार का नेतृत्व कर चुके हैं, जो सभी प्रधानमंत्रियों के बीच एक रिकॉर्ड है। नरेन्द्र मोदी 1947 के बाद पैदा हुए गैर-हिंदी भाषी राज्य से सबसे लंबे समय तक रहने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा
यहां यह आंकड़ा उल्लेखनीय है कि इंदिरा गांधी 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977 तक लगातार 4077 दिनों तक प्रधानमंत्री रही थीं। जबकि मोदी 25 जुलाई, 2025 को अपने कार्यकाल के 4078 दिन पूरे कर रहे हैं।
राज्य या केंद्र में लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के प्रमुख के तौर पर जो सबसे लंबे कार्यकाल के रूप में पीएम मोदी की उपलब्धि में यह एक और मील का पत्थर है।
सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में कुछ अन्य रोचक तथ्य भी शामिल हैं। मसलन, वे पहले और एकमात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनका जन्म भारत की आजादी के बाद हुआ। वे सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं।
पीएम मोदी भारत के सभी प्रधानमंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के बीच एकमात्र ऐसे नेता हैं, जिन्होंने किसी पार्टी के नेता के रूप में लगातार छह चुनाव जीते हैं। उन्होंने 2002, 2007 और 2012 में गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव जीते हैं।
अब PM Modi से आगे सिर्फ जवाहरलाल नेहरू
यहां उल्लेखनीय यह भी है कि लगातार सबसे अधिक दिन पीएम रहने के मामले में देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू शीर्ष पर हैं। वह 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6126 दिन तक इस पद पर रहे। पीएम मोदी को इस रिकार्ड की बराबरी के लिए अभी 2048 दिन के कार्यकाल की और आवश्यकता है।

