अमरोहा में रबी फसलों की बुवाई के लिए खाद की नहीं होगी कमी, जिले में 16,255 मीट्रिक टन यूरिया और 2,243 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध
जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने किसानों को दी राहत, संतुलित मात्रा में खाद इस्तेमाल करने की अपील; समस्या होने पर जारी किए कंट्रोल रूम नंबर
अमरोहा। जनपद अमरोहा में रबी फसलों की बुवाई के सीजन में किसानों के लिए राहत भरी खबर है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसानों की आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त मात्रा में उर्वरक (खाद) उपलब्ध है। जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि रबी फसलों की बुवाई के दौरान खाद की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
जिलाधिकारी के अनुसार, वर्तमान में जनपद में 16,255 मीट्रिक टन यूरिया, 2,243 मीट्रिक टन डीएपी और 8,473 मीट्रिक टन एनपीके का स्टॉक उपलब्ध है। ऐसे में किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
अमरोहा: कामाक्षी पेपर मिल में बड़ा हादसा, 20-20 कुंतल के पेपर बंडलों के नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत
किसानों से संतुलित मात्रा में खाद इस्तेमाल करने की अपील
डीएम डॉ. नितिन गौड़ ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे अपनी जोत के आकार और फसल की कृषि विभाग द्वारा निर्धारित संस्तुति के अनुसार ही अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं से खाद खरीदें। उन्होंने कहा कि रबी फसलों में यूरिया, डीएपी और एनपीके का संतुलित मात्रा में प्रयोग करना चाहिए, जिससे मिट्टी की उर्वरता और मृदा स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
खाद की समस्या होने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
जिला प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए उर्वरक से संबंधित शिकायतों और समस्याओं के समाधान हेतु संपर्क नंबर जारी किए हैं।
– सहकारी समितियों से संबंधित: मयंक कुमार – 8791408164
– इफको उर्वरक केंद्र: प्रवीन सिंह – 8968923263
– गन्ना समिति: सरमजीत सिंह – 9761005069
– निजी उर्वरक विक्रय केंद्र: राहुल कुमार – 9627525825
– निजी उर्वरक विक्रय केंद्र: प्रदीप कुमार – 9119761669
किसान खाद की उपलब्धता, वितरण या अन्य किसी समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क कर सकते हैं।
खाद की कालाबाजारी और अनियमितता पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही किसानों को खाद का वितरण सुनिश्चित करें। खाद वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से खाद का भंडारण न करें और अपनी जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदें।
समर इंडिया न्यूज़ | अमरोहा


