Uttarakhand Weather : उत्तराखंड के चमोली जिले के थराली क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 1:00 बजे बादल फट गया। डीसीआर चमोली की सूचना के अनुसार टूनरी गदेरा क्षेत्र में भारी बारिश के साथ बादल फटने की पुष्टि हुई है। इस घटना के चलते तहसील थराली परिसर में भारी मलबा घुस आया, जिससे कई घरों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। सगवाड़ा गांव में एक 20 वर्षीय लड़की के मलबे में दबने की सूचना है, जबकि चेपड़ों बाजार में कुछ दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं और एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।
Uttarakhand Weather : राहत-बचाव कार्य जारी, प्रशासन अलर्ट पर
बादल फटने की खबर के बाद एसडीआरएफ की टीम गौचर से मौके के लिए रवाना हो गई। चमोली प्रशासन और पुलिस राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। थराली-ग्वालदम और थराली-सगवाड़ा मार्ग बंद हो चुके हैं, जिससे आवाजाही प्रभावित हुई है। थराली के एसडीएम पंकज भट्ट ने बताया कि तीन अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुई हैं, जिनसे क्षेत्र में भय का माहौल है। मलबा कई आवासीय भवनों और प्रशासनिक परिसरों में घुस गया है।
उत्तराखंड के 8300 श्रमिकों की बल्ले-बल्ले, Chief Minister Dhami ने खातों में भेजे 25 करोड़
Uttarakhand Weather : मुख्यमंत्री ने जताया दुख, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि जिला प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस राहत कार्य में जुटे हुए हैं और वे खुद स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार को तहसील थराली के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।

Uttarakhand Weather : मौसम विभाग का अलर्ट, अगले तीन दिन भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश भर में मौसम के तल्ख तेवरों को लेकर अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है। तेज धूप और उमसभरी गर्मी के साथ कुछ क्षेत्रों में तीव्र बौछारें भी जारी हैं। उधम सिंह नगर और पर्वतीय जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

