Uttarakhand News-श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय पंतनगर से कृषि से स्नातक कर रहीं साक्षी निजवाला ने आइआइटी-जाइंट एडमिशन टेस्ट फार मास्टर्स (जैम) के बायोटेक्नोलोजी विषय में देशभर में पहली रैंक पाई है।
पौड़ी जिले के चौरास निवासी साक्षी के पिता कर्ण सिंह निजवाला हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास कैंपस में सुरक्षा कर्मी हैं।
साक्षी ने बताया कि वह रोजाना तीन से चार घंटे पढ़ाई करती थीं। उन्होंने भौतिकी के लिए आनलाइन कुछ टिप्स लिए थे। इसके अलावा, अन्य जो भी तैयारी की है, उसने स्वयं के संसाधनों से की है।
साक्षी के अनुसार, यह जरूरी नहीं है कि महंगी कोचिंग और सुविधाओं के जरिये ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
सबसे महत्वपूर्ण है कि आपका फोकस क्या है, उसे प्राप्त करने के लिए नियमित अध्ययन और एकाग्रता काफी है। साक्षी के बड़े भाई की बीते वर्ष अक्टूबर में सहायक संख्याधिकारी के पद पर तैनाती हुई है।
साक्षी के पिता पूर्व सैनिक कर्ण सिंह ने बताया कि बेटी की उपलब्धि गदगद करने वाली है। आज उन्हें उनके बच्चों की सफलता ने नई पहचान मिल रही है।
माता रजनी देवी ने कहा कि साक्षी पढ़ाई के साथ ही घर आने पर उनके साथ काम में हाथ बंटाती है।

