Uttarakhand News-रुड़की। युवक ने एक होटल के कमरे में मंगेतर को प्रेमी के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। इसे लेकर मौके पर हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को कोतवाली ले आई।
कोतवाली में दोनों पक्षों के लोग मौजूद रहे। दोनों पक्षों में सुलह के प्रयास चल रहे हैं। वहीं, अब कुछ लोग प्रेमी युगल का निकाह कराने की बात पर अड़े हैं।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवती का अपने एक ममेरे भाई से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी इनके स्वजन को नहीं थी।
युवती के स्वजन ने कुछ समय पहले युवती का रिश्ता झबरेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से कर दिया। कुछ समय बाद इनकी शादी होने वाली थी।
रविवार को झबरेड़ा थाना क्षेत्र निवासी युवक को सूचना मिली कि उसकी मंगेतर अपने प्रेमी के साथ रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के एक होटल के कमरे में उससे मिलने गई है। इस पर युवक अपने स्वजन के साथ होटल में पहुंच गया।
उसने होटल के कमरे से मंगेतर व उसके प्रेमी को रंगे हाथ पकड़ लिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
वहीं, युवती के स्वजन व गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को किसी तरह से शांत कराया। इसके बाद पुलिस प्रेमी युगल को लेकर कोतवाली पहुंची।
अब दोनों पक्षों में वार्ता चल रही है और सुलह के प्रयास चल रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों बालिग है, मामले की जांच की जा रही है।

