देहरादून : उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में अब बच्चे विदेशी भाषा भी सीखेंगे। पुष्कर सिंह धामी सरकार के निर्देश पर राज्य के अटल उत्कृष्ट और राजीव नवोदय स्कूलों में हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत के साथ विदेशी भाषाएं भी पढ़ाई जाएंगी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में हुई बैठक में शिक्षा विभाग को इसके लिए प्रशिक्षण की विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने इस पहल को व्यापक कौशल विकास कार्यक्रम के रूप में विकसित करने और हर जिले में विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने को कहा। उन्होंने कार्मिक एवं वित्त विभाग को सभी संबंधित विभागों से समन्वय कर एक समग्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके तहत आईटीआई विद्यार्थियों, आम युवाओं के अलावा सरकारी नर्सिंग कॉलेजों में पढ़ रहे लगभग 600 छात्रों को भी विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
नर्सिंग छात्र भी सीखेंगे विदेशी भाषा
प्रशिक्षण के लिए दून विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की सेवाएं ली जाएंगी, जिन्हें बदले में शैक्षणिक क्रेडिट या प्रोत्साहन मिलेगा। युवाओं को रोजगार के सीधे अवसरों से जोड़ने के लिए गुणवत्तापूर्ण प्रत्यक्ष व ऑनलाइन कक्षाएं चलाई जाएंगी और मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कौशल विकास एवं सेवायोजन कार्यालय की ओर से वर्तमान में देहरादून, अल्मोड़ा एवं बागेश्वर में संचालित विदेशी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विस्तारित करते हुए प्रदेशभर में शुरू किया जाए।
छमाही परीक्षा का टाइम टेबल बदला
उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों की छमाही परीक्षाओं का टाइम टेबल संशोधित कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनेाद प्रसाद सिमल्टी के अनुसार, पहले पहली पाली 9.30 बजे से 12.30 बजे तक और दूसरी पाली एक बजे से चार बजे शाम तक तय थी। अब पहली पाली की परीक्षाएं सुबह नौ बजे से 12 बजे दोपहर और दूसरी पाली 12.15 बजे से 3.15 बजे तक आयोजित होगी।
एक्सीलेंस केंद्र भी किए जाएंगे शामिल
जिलों में बनने वाले विदेशी भाषा प्रशिक्षण केंद्रों में कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में संचालित हो रहे केंद्रों को भी शामिल किया जाएगा। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कहा कि उत्तराखंड सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देने जा रही है। वित्त और कार्मिक विभाग को सभी विभागों से समन्व्य के निर्देश दिए गए हैं।

