Accident News: (दु:खद हादसा) हाईवे पर रोडवेज बस की टक्कर से डिलीवरी बॉय की मौत, पीछे छोड़ गया डेढ़ साल का मासूम बेटा
सहसवान। बदायूं दिल्ली-मेरठ राज्य मार्ग संख्या-18 पर उस्मानपुर ग्राम के पास महावा नदी पुल के निकट शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया।रोडवेज बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में डिलीवरी बॉय की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अपने पीछे डेढ़ साल का मासूम बेटा छोड़ गया।
जानकारी के अनुसार एस एस एस बी कंपनी में डिलीवरी का काम करने वाला पुष्पेंद्र बाइक से सहसवान जा रहा था। हाईवे पर सड़क निर्माण कार्य चलने के कारण यातायात एक तरफ से ही चल रहा था।इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान पुष्पेंद्र उर्फ बबलू पुत्र विजेंद्र सिंह,निवासी ग्राम समसपुर कुवरी, थाना जरीफनगर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पुष्पेंद्र के पिता किसान हैं।पुष्पेंद्र कंपनी में काम करके ही अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।वही घर का इकलौता कमाने वाला था।
हादसे की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।वृद्ध माता-पिता और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।डेढ़ साल का मासूम बेटा अभी हादसे से अनभिज्ञ है कि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।रिपोर्ट-एस.पी.सैनी

