नई दिल्ली। संसद ने 90 साल पुराने Indian Aircraft Bill को बदलने के लिए संसद में भारतीय वायुयान विधेयक-2024 ध्वनिमत से पारित कर दिया है। तेजी से उभरते उड्डयन क्षेत्र में कारोबार की सरलता और कामकाज में सुधार के लिए यह विधेयक लाया गया है।
ध्वनिमत से पारित हुआ Indian Aircraft Bill
Indian Aircraft Bill-2024 को गुरुवार को राज्यसभा में ध्वनिमत से पारित किया गया। इससे पहले इसे 9 अगस्त को लोकसभा में पारित किया गया था। इसे 21 बार संशोधित किए जा चुके एयरक्राफ्ट एक्ट, 1934 के स्थान पर लाया गया है। उच्च सदन में यह विधेयक मंगलवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने पेश किया था। उन्होंने कहा था कि यह विधेयक कानून बनने पर 90 साल पुराने विमान अधिनियम की जगह लेगा तथा विमानन क्षेत्र के प्रमुख निकायों को ज्यादा शक्ति प्रदान करेगा।
राज्यसभा में गुरुवार को Indian Aircraft Bill 2024 पर चर्चा के दौरान कुछ विपक्षी सदस्यों ने इस विधेयक के नाम को लेकर सरकार पर हिंदी थोपने का आरोप लगाया वहीं सत्ता पक्ष ने इस आरोप को सिरे से नकारते हुए कहा कि यह कानून लगभग सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर लाया गया है।

