Sahaswan News: जमीन का बैनामा कराने के बाद महिला से तीन लाख रुपये लूटने का आरोप, पुलिस को दी तहरीर
सहसवान (बदायूं) जमीन का बैनामा कराने के बाद घर लौट रहे दंपती के साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये और बाइक छीनने का गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़िता ने गांव के ही तीन लोगों पर वारदात को अंजाम देने उसके पति के लापता होने और उसे घर से बाहर न निकलने देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली सहसवान पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने आरोपियों से अपनी और अपने पति की जान को खतरा बताते हुए कार्यवाही की मांग की है।
ग्राम जकूपुर निवासी सोमवती पत्नी वीरपाल ने प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि 17 अक्टूबर 2026 को उसके पति वीरपाल ने अपनी जमीन गांव के राजेश को तीन लाख रुपये में बेची थी।जमीन का बैनामा कराने के बाद दंपती बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
आरोप है कि कछला मार्ग तथा जकूपुर मार्ग मोड पर पानी की टंकी के पास रास्ते में गांव के ही सतीश, पिंटू पुत्र सत्यपाल और अजीत पुत्र सतीश ने एकराय होकर उन्हें रोक लिया।इसके बाद आरोपियों ने दंपती के साथ मारपीट की और बैनामे के दौरान मिले तीन लाख रुपये छीन लिए। पीड़िता का आरोप है कि वारदात के दौरान आरोपी उनकी बाइक भी छीनकर अपने घर ले गए। आरोपियों के भय से उसका पति वीरपाल मौके से चला गया जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है। वहीं सोमवती किसी तरह पैदल अपने घर पहुंची। पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि पति के लापता होने से वह बेहद परेशान है और उसे आशंका है कि कहीं उसके पति के साथ कोई अनहोनी न हो जाए।
सोमवती ने आरोप लगाया कि 18 अक्टूबर से आरोपी उसे घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। घर से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।पीड़िता का यह भी कहना है कि आरोपी गांव में दबंगई दिखाते हैं और जमीन खरीदने-बेचने के मामलों में दबाव बनाते हुए धमकियां देते हैं। पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और छीने गए तीन लाख रुपये और बाइक बरामद कराने लापता पति का पता लगाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।इस बाबत प्रभारी निरीक्षक नरेश पाल सिंह से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया परंतु संपर्क नहीं हो सका।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

