Sahaswan News: सहसवान की गली मोहल्ले में खुलीं पैथोलॉजी लैब, जांच के नाम पर वसूली के आरोप
नियम-कायदों को ताक पर रखकर संचालित हो रही कई लैब, स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर उठ रहे सवाल
सहसवान। नगर एवं देहात क्षेत्र में जगह-जगह पैथोलॉजी लैब खुलने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। नगर की गली-कूचों, मोहल्लों और चौराहों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई स्थानों पर जांच केंद्र संचालित होने के आरोप हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन केंद्रों पर खून,पेशाब, बलगम,वीर्य,खासी, कफ, विटामिन 12 के अलावा लिपिड आदि समेत विभिन्न प्रकार की जांच की जा रही हैं।
आरोप है कि कुछ चिकित्सकों के पास उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए उनके पसंदीदा लैब संचालकों के पास भेजा जाता है। मरीजों को जांच के नाम पर मोटा बिल थमाए जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।लोगों का आरोप है कि जांच के एवज में ली गई रकम में से कमीशन का खेल भी चलता है, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि कुछ जांच केंद्रों पर पर्याप्त प्रशिक्षण और योग्य तकनीकी स्टाफ के बिना ही जांच किए जाने का आरोप है।वहीं कई बड़े और पंजीकृत चिकित्सकों के अस्पतालों में भी जांच सुविधाएं संचालित हो रही हैं,जहां मरीजों से विभिन्न जांचों के नाम पर शुल्क वसूले जाने की शिकायतें उठ रही हैं।
बड़े-बड़े होर्डिंग और बोर्ड लगाकर प्रचार:-नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर जांच केंद्रों के बड़े-बड़े होर्डिंग और बोर्ड लगाए गए हैं। दिनभर इन केंद्रों पर मरीजों की भीड़ देखी जाती है।गरीब और सामान्य वर्ग के मरीजों का कहना है कि बीमारी की जांच के नाम पर होने वाला खर्च उनके लिए भारी पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग को इन जांच केंद्रों की गतिविधियों की जानकारी होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।इससे बिना पर्याप्त योग्यता अथवा आवश्यक मानकों के संचालित होने वाले जांच केंद्रों के संचालकों के हौसले बुलंद होने की बात कही जा रही है।
समय रहते जांच और कार्रवाई की मांग:-स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से नगर और देहात क्षेत्र में संचालित सभी पैथोलॉजी लैब की जांच कराने,उनके पंजीकरण,तकनीकी स्टाफ की योग्यता और जांच संबंधी मानकों की पड़ताल करने की मांग की है।लोगों का कहना है कि यदि नियमों के विपरीत संचालित केंद्रों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी के कारण किसी मरीज के उपचार पर गंभीर असर पड़ सकता है और कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
नगर एवं देहात क्षेत्र के जागरूक लोगों ने क्षेत्र में चल रही अवैध पैथोलॉजी लैब की जांच कराई जाने की मांग की है।रिपोर्ट-एस.पी.सैनी

