Sahaswan News: दो साल में ही खंडहर हुआ सहसवान आई लव पार्क
पार्क की दोबारा सुधरेगी दशा, युवा पीढ़ी ले सकेगी लुत्फ
सहसवान। बदायूं-मेरठ राज्यमार्ग पर स्थित मोहल्ला शहबाजपुर पुलिस चौकी (निकट छ: सड़का) के निकट नगर पालिका परिषद सहसवान द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व बनाया गया आई लव सहसवान पार्क इन दिनों बदहाली का शिकार है।निर्माण के बाद कुछ समय तक युवाओं के आकर्षण का केंद्र रहा यह पार्क अब रख-रखाव के अभाव में खंडहर में तब्दील होता नजर आ रहा है।
पार्क का उद्धघाटन पालिका अध्यक्ष मीर हादी अली उर्फ बावर मियां ने फीता काटकर किया था।उद्धघाटन के दौरान उन्होंने पार्क में सेल्फी भी ली थी तथा बोर्ड के सदस्यों के साथ फोटो खिंचवाए थे।पार्क शुरू होते ही नगर के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।दिन-भर युवाओं और लोगों की भीड़ रहती थी तथा सेल्फी लेने और पार्क में घूमने का सिलसिला चलता रहता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष से पार्क के रख-रखाव पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते इसकी स्थिति लगातार खराब होती चली गई।पार्क में लगी लाइटें टूट चुकी हैं, फ्लेक्सी क्षतिग्रस्त पड़ी चबूतरे चबूतरे पर लगी लोहे की जंजीरें भी गायब हैं। देखरेख के अभाव में पार्क की खूबसूरती पूरी तरह खत्म हो गई है।
अब नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने आई लव सहसवान पार्क की बदहाल स्थिति को सुधारने का जिम्मा उठाया है।उन्होंने संबंधित अवर अभियंता संजय कुमार से से ‘आई लव सहसवान’ पार्क के जीर्णोद्धार का स्टीमेट तैयार कर शीघ्र ही उपलब्ध कराने को कहा है।
अधिशासी अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पार्क की स्थिति सुधारने तथा सौंदर्य करण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।पार्क के सुधरने के बाद युवाओं और नगरवासियों को एक बार फिर यहां घूमने और समय बिताने की सुविधा मिल सकेगी।रिपोर्ट-एस.पी.सैनी

