Rohtak News-रोहतक : रोहतक जिले के मदीना गांव से अजायब रोड पर आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक खेतों में बने तालाब में एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही थाना बहुअकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या की गई है। क्योंकि युवक की गर्दन व शरीर पर चाकुओं के निशान हैं, वहीं मृतक की पहचान गांव सिंहपुरा निवासी विकास (21 वर्षीय) पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विकास 21 फरवरी से घर से लापता था, जिसके बाद उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज करवाई गई थी। पुलिस तभी से युवक की तलाश कर रही थी।
आज सुबह सैर कर रहे एक व्यक्ति ने तालाब में शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बहुअकबरपुर के SHO महेश कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

