Railway News: बदायूं को बड़ी सौगात, अब दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा, रेलवे ने इस ट्रेन के विस्तार को दी हरी झंडी
लंबे समय से रेल सुविधा की मांग कर रहे बदायूं के लोगों के लिए आखिरकार बड़ी खुशखबरी सामने आई है।केंद्र सरकार ने बरेली-नई दिल्ली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 14315/14316) का विस्तार बदायूं होते हुए कासगंज रेलवे स्टेशन तक करने की मंजूरी दे दी है। अब जिले के हजारों यात्रियों को सीधे राजधानी दिल्ली तक आवागमन की सुविधा मिल सकेगी, जिससे यात्रा और भी सुगम हो जाएगी।

बदायूं से दिल्ली का सफर हुआ आसान:-केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि बदायूं सहित आसपास के जिलों के लोगों को अब दिल्ली जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों या बार-बार साधन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यह ट्रेन सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और यात्रा अधिक आरामदायक होगी। उन्होंने कहा कि यह सुविधा व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगी।दैनिक यात्रियों को मिलेगी राहत:-रेल मंत्री के जारी पत्र के अनुसार,इस ट्रेन के विस्तार से बदायूं, कासगंज और बरेली मंडल के बीच आवागमन को नई गति मिलेगी। यह ट्रेन न केवल दैनिक यात्रियों बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगी।

