महिला की हत्या कर शव जलाने की सूचना पर दौड़ी पुलिस
बदायूं।मुजरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला की हत्या कर शव जलाने की सूचना से बुधवार रात हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था।बेटियों की सूचना पर पुलिस ने महिला के पति और बेटे को हिरासत में लेकर थाने ला लिया।पूरी रात और बृहस्पतिवार शाम तक थाने में गहमा-गहमी बनी रही।देर शाम बेटियों और पिता व भाई में समझौता होने पर पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया।
ग्राम प्रधान के अनुसार महिला का अपने पति व बेटे से विवाद हुआ था।इसके बाद उसने आत्महत्या कर ली थी।परिवार ने रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया।बेटियां जब पहुंचीं तो अंतिम संस्कार हो चुका था। इसी गलतफहमी में उन्होंने हत्या की सूचना दे दी।इंस्पेक्टर ज्योति सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में हत्या जैसी कोई घटना नहीं है।महिला की सामान्य मौत की बात सामने आई है।
एसएसपी डॉ.बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि बेटियों के आरोपों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। बेटियों ने कार्रवाई न करने की बात कही है।इसके बाद सभी को घर भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

