नई दिल्ली: हाल ही में संपन्न हुए ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली टीम इंडिया के जश्न की गूंज अब भी कायम है। इस खिताबी जीत के सबसे बड़े हीरो और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के दमदार प्रदर्शन ने पूरे देश का दिल जीत लिया है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सैमसन की जमकर तारीफ की है और उनके मैच जिताऊ प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें ‘एक सच्चा खिलाड़ी’ बताया है।
‘दबाव में फोकस और संयम की बड़ी सीख हैं सैमसन’
शुक्रवार (3 अप्रैल) को केरल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टी20 वर्ल्ड कप में संजू सैमसन के असाधारण प्रदर्शन का विशेष रूप से जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा, “आज क्रिकेट का सीजन चल रहा है और केरल के लोगों के लिए भी इससे सीखने जैसा बहुत कुछ है। संजू सैमसन का दबाव में प्रदर्शन फोकस और संयम की एक बड़ी सीख देता है। जैसा हम अक्सर उनके खेल में देखते हैं, वैसा ही हमने वर्ल्ड कप में भी देखा।”
नॉकआउट मुकाबलों में चरम पर पहुंचा प्रदर्शन
प्रधानमंत्री ने बड़े मैचों में सैमसन की मानसिकता की तारीफ करते हुए कहा, “जैसे ही टूर्नामेंट में निर्णायक क्षण आए और नॉकआउट मुकाबले शुरू हुए, उनका प्रदर्शन अपने चरम पर पहुंच गया। शुरुआत से लेकर अंत तक उनका फोकस, आत्मविश्वास और ऊर्जा लगातार बढ़ती रही। जब टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत थी, तब सैमसन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान होती है।”
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सैमसन का ‘रौद्र रूप’
शुरुआती मैचों में साधारण प्रदर्शन के बाद सैमसन ने ‘करो या मरो’ वाले मुकाबलों में जो तूफान मचाया, वह क्रिकेट इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है:
वेस्टइंडीज के खिलाफ: वर्चुअल नॉकआउट मैच में 97 रनों की नाबाद और तूफानी पारी।
सेमीफाइनल (इंग्लैंड): अंग्रेजों के खिलाफ शानदार 89 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।
फाइनल (न्यूजीलैंड): खिताबी मुकाबले में फिर 89 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। भारत ने यह फाइनल 96 रनों के विशाल अंतर से जीता।
ध्वस्त किया विराट कोहली का रिकॉर्ड
संजू सैमसन को उनके इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। उन्होंने सिर्फ 5 पारियों में 80.25 की बेमिसाल औसत और लगभग 200 के स्ट्राइक रेट से कुल 321 रन ठोक डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 27 चौके और 24 गगनचुंबी छक्के निकले। इसी के साथ सैमसन ने विराट कोहली के 2014 टी20 वर्ल्ड कप में बनाए गए 319 रनों के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया।
बता दें कि इस जीत के साथ ही भारत टी20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है, साथ ही अपने घर में यह खिताब जीतने वाली भी पहली टीम बनने का गौरव हासिल किया है। संजू सैमसन फिलहाल आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की ओर से अपना जलवा बिखेर रहे हैं।

