नई दिल्ली/लंदन । PM Modi दो दिन के ब्रिटेन दौरे पर हैं। गुरुवार को ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने उनसे पूरी गर्मजोशी के साथ मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर किए। भारत-ब्रिटेन द्वारा मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर के बाद पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लोगों को यूके में बने प्रोडक्ट सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
PM Modi का लंदन में प्रवासी भारतीयों ने किया जोरदार स्वागत, बोले- मैं अभिभूत
इस दौरान पीएम मोदी ने पहलगाम आतंकी हमला, अहमदाबाद प्लेन क्रैश और रूस-यूक्रेन युद्ध पर भी अपनी बातें रखीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज हमारे संबंधों में एक ऐतिहासिक दिवस है। मुझे खुशी है कि कई वर्षों की मेहनत के बाद, आज दोनों देशों में व्यापक आर्थिक और व्यापारिक समझौता संपन्न हुआ है।
ये समझौता मात्र आर्थिक साझेदारी नहीं है बल्कि साझा समृद्धि की योजना है। एक ओर भारतीय टेक्सटाइल, फुटवियर, जेम्स एंड ज्वेलरी, सी फूड और इंजीनियरिंग गुड्स को यूके में बेहतर मार्केट एक्सेस मिलेगा। भारत के एग्रीकल्चर प्रोड्यूस और प्रोसेस्ड फूड इंडस्ट्री के लिए यूके मार्केट में नए अवसर बनेंगे।
भारत के युवाओं, किसानों, मछुआरों और एमएसएमई सेक्टर के लिए ये समझौता विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा। दूसरी ओर, भारत के लोगों और इंडस्ट्री के लिए यूके में बने प्रोडक्ट्स, जैसे मेडिकल डिवाइसेज और एयरोस्पेस पार्ट्स सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगे। ये समझौता भारत के युवाओं, किसानों, मछुआरों और एमएसएमई क्षेत्र के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा।
PM Modi भारत के लोगों को यूके में बने प्रोडक्ट सुलभ और किफायती दरों पर उपलब्ध होंगे
PM Modi ने कहा कि अगले दशक में हमारी कंप्रिहेन्सिव स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को नई गति और ऊर्जा देने के लिए विजन 2035 जारी किया जा रहा है। यह टेक्नोलॉजी, डिफेंस, क्लाइमेट, एजुकेशन और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट के क्षेत्रों में एक मजबूत, भरोसेमंद और महत्वाकांक्षी साझेदारी का रोडमैप बनेगा।
PM Modi ने पहलगाम आंतकी हमले का जिक्र किया और कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कठोर निंदा के लिए हम प्रधानमंत्री स्टार्मर और उनकी सरकार का आभार व्यक्त करते हैं। हम एकमत हैं कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंडों का कोई स्थान नहीं है।
हम इस बात पर भी सहमत हैं कि आतंकवाद समर्थित विचारधारा वाली शक्तियों को लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं करने दिया जा सकता। जो लोग लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए लोकतांत्रिक स्वतंत्रता का दुरुपयोग करते हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

