Kolkata: पश्चिम बंगाल में शहर के ‘लॉ कॉलेज’ में एक छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार चार लोगों में से तीन ने इसकी सुनियोजित योजना बनायी थी।
Kolkata के बाजार में आग लगने से 1,300 दुकानें जलकर खाक
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आज यह जानकारी दी। जांचकर्ताओं के अनुसार मुख्य आरोपी मोनोजीत मिश्रा कई दिनों से युवती पर यौन संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। मोनोजीत पूर्व छात्र नेता है और वकील है। लड़की के लगातार इनकार करने पर मोनोजीत ने कथित तौर पर ‘बदला लेने’ के लिए 25 जून को उस पर हमला किया।
विशेष जांच दल (एसआईटी) के एक अधिकारी ने कहा, “ पूरी घटना पूर्व नियोजित थी। आरोपी कई दिनों से इस हमले की साजिश रच रहे थे। हमारी जांच से पता चला है कि पीड़िता को कॉलेज में दाखिला लेने के समय से ही मोनोजीत ने निशाना बनाया था। ”
Kolkata पुलिस के अनुसार मोनोजीत ने लॉ छात्रा के साथ दुष्कर्म किया, जबकि सह-आरोपियों प्रमित मुखर्जी और जयिब अहमद ने कथित तौर पर अपराध की फिल्म बनायी थी। वीडियो को उनके ‘निजी समूह’ में दिखाया गया और पीड़िता को चुप रहने के लिए भी डराया-धमकाया गया था।
अधिकारी ने कहा,“ आरोपियों ने पहले भी इसी तरह से लोगों को धमकाने के लिए वीडियो साक्ष्य का उपयोग करने का तरीका अपनाया था। ”
उन्होंने कहा, “ लेकिन इस बार उनकी रणनीति विफल रही। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख मोनोजीत ने पीड़िता की हरकतों पर नज़र रखने के लिए अपने सहयोगियों को भेजा। गुरुवार को उन्हें बताया गया कि पीड़िता ने आधिकारिक तौर पर शिकायत दर्ज करायी है। ”
जांच से पता चला है कि मोनोजीत से जुड़ी यह ऐसी पहली घटना नहीं थी। जिस गार्ड रूम में पीड़िता पर हमला हुआ था, उसका इस्तेमाल पहले भी कई बार इसी तरह की हरकतों के लिए किया जा चुका है, क्योंकि यह जगह सीसीटीवी की निगरानी में नहीं है।
एसआईटी ने कम से कम एक और पीड़िता की पहचान की है, जिसका दावा है कि मोनोजीत ने उसी स्थान पर उसका यौन शोषण किया था। Kolkata पुलिस ने कल वीडियो साक्ष्य की तलाश में मुखर्जी और अहमद के घरों पर छापा मारा। अधिकारी ने कहा, “ हम इस मामले और संभावित रूप से अन्य युवतियों से संबंधित फुटेज की तलाश कर रहे हैं। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि क्या ये वीडियो निजी समूह से परे साझा किये गये थे। ”
Kolkata पुलिस ने कल वीडियो साक्ष्य की तलाश में मुखर्जी और अहमद के घरों पर छापा मारा
घटना के बाद कथित तौर पर मोनोजीत ने एक राजनीतिक व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसने पहले भी उसे कानूनी शिकंजे से बाहर निकालने में मदद की थी। इस बार उस नेता ने हालांकि हस्तक्षेप नहीं किया। पुलिस अब तीनों मुख्य आरोपियों के कॉल रिकॉर्ड का विश्लेषण कर रही है, ताकि उससे किसी भी प्रभावशाली संबंध का पता लगाया जा सके, जिसके कारण मोनोजीत पहले भी ऐसे अपराधों से बचने में सफल रहा ।

