Haryana News : गुरुग्राम में कांग्रेस जिला संगठन सृजन की प्रक्रिया अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। एआईसीसी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक जीसी चंद्रशेखरन ने जिले के चार हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से चर्चा के बाद 12 संभावित नामों की सूची तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेज दी है। उम्मीद की जा रही है कि 10 से 15 जुलाई के बीच नए जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।
Haryana News : 75 दावेदारों में से हुआ शॉर्टलिस्टिंग का दौर
गुरुग्राम शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष पद के लिए कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 30 शहरी और 35 ग्रामीण क्षेत्र से थे। पार्टी ने यह स्पष्ट किया है कि जिम्मेदारी उसी नेता को सौंपी जाएगी, जिसकी पकड़ जमीन से लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच मजबूत हो और जो बीते पांच वर्षों से पार्टी के अंदर सक्रिय हो। इसी कारण से आब्जर्वर ने उद्यमियों, दुकानदारों, समाजसेवियों और पत्रकारों से भी सीधे संवाद कर संभावित उम्मीदवारों के बारे में फीडबैक लिया।
Haryana News : दो-दो कार्यकारी अध्यक्षों की भी हो सकती है घोषणा
पार्टी सूत्रों के अनुसार, पिछले 11 वर्षों से गुरुग्राम में जिला संगठन न होने की वजह से गुटबाजी बढ़ी है। इसे संतुलित करने के लिए पार्टी इस बार शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष के अलावा दो-दो कार्यकारी अध्यक्षों की भी नियुक्ति कर सकती है। इसका उद्देश्य सभी जाति-वर्गों और समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रतिनिधित्व देना है, जिससे संगठनात्मक मजबूती बढ़े और समरसता बनी रहे।
HARYANA के 11 जिलों में झमाझम बारिश: जुलाई की शुरुआत में मानसून ने दी दस्तक, गर्मी से राहत
Haryana News : इन वरिष्ठ नेताओं के नाम रेस में सबसे आगे
जिलाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के जिन वरिष्ठ नेताओं के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं, उनमें पंकज डावर, प्रदीप सिंह जेलदार, विरेंद्र सिंह यादव, सुधीर चौधरी, पर्ल चौधरी, अशोक टांक, कृष्ण कुमार, पंकज भारद्वाज, हरीश खरबंदा, रोहताष बेदी और कुलराज कटारिया शामिल हैं। हाईकमान को भेजी गई लिस्ट में इन नामों को भी शामिल किया गया है। कई युवा कार्यकर्ताओं ने भी आवेदन किए हैं, लेकिन पार्टी की प्राथमिकता 35 से 55 वर्ष आयु वर्ग के बीच के नेताओं को देने की है। अब निगाहें जुलाई के दूसरे सप्ताह में होने वाली औपचारिक घोषणा पर टिकी हैं।

