उझानी में गीजर गैस से परिवार के चार लोग हुए बेहोश…
उझानी। मोहल्ला गौतमपुरी में बुधवार सुबह गीजर की गैस की वजह से एसएसपी के फॉलोवर की पत्नी, बेटा, बेटी समेत चार लोग बेहोश हो गए। परिजनों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत में सुधार होने पर देर शाम डिस्चार्ज कर दिया गया।
मोहल्ला गौतमपुरी निवासी मनोहर लाल एसएसपी के फॉलोवर हैं। बुधवार सुबह करीब दस बजे पहले उनके बेटे यश कुमार फिर पत्नी गीता ने बाथरूम में लगे गैस गीजर से स्नान किया। इसके बाद उनकी बेटी कंचन नहाने के लिए बाथरूम में गई तो उसके गिरने की आवाज मां को सुनाई दी।
गीता ने बेटी को आवाज लगाई, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। घर पर मौजूद फॉलोवर के बेटे यश और भतीजे टीटू ने झटका मारकर बाथरूम का दरवाजा खोल दिया। उन्होंने देखा तो कंचन बेहोश पड़़ी थी। वहीं, अचानक बाथरूम खुलने से उसके अंदर भरी गीजर की गैस बाहर आ गई, जिससे सभी लोग बेहोश हो गए।टीटू कुछ होश में था। इस वजह से उसने पड़ोस के लोगों को बुला लिया। पड़ोस के लोग सभी को अचेत हालत में कस्बा के ही निजी नर्सिंग होम में ले गए। यहां से सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।वहीं,सूचना पर फॉलोवर भी मौके पर पहुंच गए। हालत में सुधार आने पर देर शाम सभी को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कर दिया गया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

