सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला, कार समेत दो वाहनों में तोड़फोड़
उझानी थाना क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है।गंगा पार कटरी इलाके में विभागीय भूमि को कब्जामुक्त कराने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।वन कर्मियों से मारपीट की।उनके वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई।
बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र के गंगा पार कटरी इलाके में सोमवार रात विभागीय भूमि को कब्जामुक्त कराने पहुंची वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। हमले में कार समेत दो वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए गए।हमलावर ग्रामीणों ने मारपीट की तो वन कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ गया।इसे लेकर इलाके में आज मंगलवार सुबह तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए डीएफओ निधि चौहान ने एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी।
वन विभाग की टीम पर हमले का मामला सोमवार रात करीब एक बजे का है।चंदनपुर रेंज में वन विभाग की सैकड़ों बीघा जमीन है।आरोप है।कि अधिकतर पर कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र और बदायूं जिले की कटरी के ग्रामीणों ने कब्जा कर सरसों और गेहूं की फसल उगा ली है। वन कर्मियों ने पिछले दिनों विभागीय जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए कोशिश शुरू की थी।बताते हैं कि उस वक्त सफलता नहीं मिली तो वन विभाग की टीम रेंजर विक्रेंद्र कुमार,गार्ड वीरेंद्र कुमार,वन दरोगा शुभम प्रताप और आदित्य गंगवार के साथ गंगा पार इलाके में मौके पर पहुंच गई। टीम के साथ कंटीमेंटर और हैरों लगे ट्रैक्टर भी थे।


