Dataganj News: दातागंज में राम श्रीदेवी गैस इंडेन एजेंसी पर सिलेंडरो में पकड़ी गई घटतौली
बदायूं। विधिक माप विज्ञान लखनऊ के नियंत्रक के आदेश पर स्थानीय टीम ने दिवाली के मद्देनजर सराफा कारोबारी, गैस एजेंसी, मिष्ठान दुकानों में जांच की।इस दौरान दातागंज में राम श्रीदेवी गैस इंडेन एजेंसी पर सिलिंडरों में घटतौली पकड़़ी गई।वहीं सराफा दुकानों में बिना सत्यापन के कारोबारी कांटे से वजन कर सोना-चांदी बेचते तो कई घटतौली कर ग्राहकों को मिठाई बेचते पकड़े गए। विभागीय निरीक्षक ने दुकानदारों को नोटिस जारी किए हैं।
विधिक माप विज्ञान के बिसौली व दातागंज के निरीक्षक ओम प्रकाश ने बताया कि तीन माह में कंपाउंडिंग नहीं कराने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम में वाद दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर से क्षेत्रों में विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।
प्रतिष्ठानों में एलपीजी,आटा,मैदा, सूजी पैकेट, वनस्पति तेल,घी,पेंट, मिठाइयों के अलावा गिफ्ट पैकेट,सराफा की जांच की गई।निरीक्षक ने बताया कि दातागंज तहसील क्षेत्र के राम श्रीदेवी गैस इंडेन एजेंसी पर घरेलू सिलेंडरो में घटतौली पाई गई।कई सिलेंडरो को चेक करने के बाद दो से ढाई किलो गैस की हेराफेरी सामने आई।घटतौली मिलने पर विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 की धारा में कार्रवाई की गई।बिसौली तहसील क्षेत्र के वजीरगंज में राहुल सराफ,अमरीश सराफ, आभाष ज्वैलर्स मेन बाजार वजीरगंज के प्रतिष्ठानों पर अनियमितताएं मिलीं। सराफा की दुकानों में बिना सत्यापन कराए कांटे से वजन तौल कर सोना-चांदी की बेचे जाने की बात सामने आई। इनके साथ मुकेश पाल मिठाई विक्रेता,निहार स्वीट्स सैदपुर और बालाजी स्वीट्स बदायूं रोड वजीरगंज की दुकानों में मिठाई में घटतौली करने का खेल पकड़ा गया।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

