(करोड़ों की ठगी का मामला) अमर ज्योति धोखाधड़ी मामले की जांच तेज,चार एजेंट गिरफ्तार
पुलिस एजेंटों से हर पहलू पर कर रही पूछताछ,आज जेल भेजे जायेंगे चारों एजेंट
अन्य एजेंटों व कर्मचारियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दे रही हैं दबिश
बदायू। अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड कंपनी के चार एजेंटों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। निवेशकों से धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने कंपनी के निदेशक शशिकांत व सूर्यकांत मौर्य समेत चार लोगों को नामजद किया था,निदेशकों की अब भी तलाश है।पुलिस एजेंटों से पूछताछ कर रही है।आज शुक्रवार को इन्हें जेल भेजा जाएगा।
बता दें कि चार दिन में 300 से अधिक निवेशक एसएसपी कार्यालय जाकर शिकायती पत्र दे चुके हैं। वहीं सौ से अधिक तहरीर भी रिपोर्ट में नाम शामिल करने के लिए कोतवाली पहुंचाई गईं हैं।
शहर के मध्यम वर्ग के कई ऐसे लोग जो बड़ी पूंजी एक साथ इकट्ठा नहीं कर सकते हैं ने अमर ज्योति यूनिवर्स निधि लिमिटेड में रुपये जमा किए थे। इसमें किसी ने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए तो किसी ने शादी के लिए रुपये जमा किए, ताकि समय पर रुपयों का इस्तेमाल किया जा सके।इन लोगों को एजेंटों ने रकम दोगुना करने का लालच भी दिया था।अब कंपनी के अचानक भाग जाने से हजारों लोग परेशान होकर रुपये मिलने की आस में इधर-उधर भटक रहे हैं। निवेशक जहां अपने एजेंटों की तलाश कर रहे हैं तो कुछ निवेशक निदेशक के आवास बरेली तक दौड़ लगा रहे हैं। अब रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भी कई लोग सामने आने लगे हैं।
यह एजेंट हुए गिरफ्तार:-कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चौधरी सराय के रहने वाले विजेंद्र मौर्य, गांधी नगर के कमल बाबू मौर्य, मीरासराय के अवनीश मौर्य व शहबाजपुर के अरविंद मौर्य। इन एजेंटों ने शहर के करीब चार सौ से अधिक लोगों का एक करोड़ से अधिक रुपया जमा कराया है।अब इनको पूछताछ करने के बाद अतालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
निदेशकों की तलाश में एसआईटी ने कई जगह पर दी दबिश:-एसएसपी ने एसआईटी गठित की है। बृहस्पतिवार को निदेशकों की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। बताया जा रहा है निदेशक कंपनी को दिवालिया घोषित कराने के लिए भागदौड़ कर रहे हैं।
निवेशकों की तहरीर के आधार पर नाम शामिल किए जा रहे हैं। कुछ एजेंटों व कर्मचारियों को भी नामजद किया गया है।उनमें से चार एजेंटों को गिरफ्तार कर लिया गया है।पूछताछ के बाद उनको जेल भेजा जाएगा।अन्य एजेंटों व कर्मचारियों की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं।एसआईटी की टीम भी अपना काम कर रही है। आरोपियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। -डॉ. बृजेश कुमार सिंह,एसएसपी
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

