नई दिल्ली। Congress ने शुक्रवार को कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक बुलाई थी। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। Congress कार्य समिति की बैठक में एक प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें बताया गया कि लगातार 11 वर्षों तक केंद्र सरकार द्वारा ठुकराए जाने के बाद अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की लंबे समय से चली आ रही मांग जाति आधारित जनगणना को आखिरकार मोदी सरकार ने स्वीकार कर लिया है।
Congress ने पहलगाम आतंकी हमले पर दिखाई एकजुटता, नेताओं को संयमित बयान देने का निर्देश
इस फैसले को Congress ने अपनी नीति की जीत बताते हुए सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया है। हालांकि, कांग्रेस कार्य समिति ने इस फैसले को “आश्वासन मात्र” मानते हुए कहा है कि अब तक न तो सरकार ने जाति जनगणना के क्रियान्वयन की कोई स्पष्ट रूपरेखा साझा की है और न ही इसके लिए वित्तीय प्रावधान की घोषणा की है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 16 अप्रैल 2023 को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर व्यापक और अद्यतन जाति जनगणना की औपचारिक मांग की थी। इस पत्र में अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा हटाने की बात भी उठाई गई थी।
बताया गया कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर लगातार मुखर रहे हैं। उन्होंने 2022 के उदयपुर नव संकल्प शिविर, 2023 रायपुर अधिवेशन, संसद में अपने भाषणों और भारत जोड़ो यात्राओं के दौरान जातिगत आंकड़ों के महत्त्व पर जोर दिया।
कांग्रेस का यह मानना है कि जब तक आरक्षण और कल्याण योजनाएं ठोस आंकड़ों पर आधारित नहीं होंगी, तब तक सामाजिक न्याय अधूरा रहेगा।
कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 15(5) को तत्काल लागू करने की मांग भी दोहराई है। यह प्रावधान निजी शैक्षणिक संस्थानों में भी वंचित समुदायों को आरक्षण देने की अनुमति देता है। कांग्रेस का मानना है कि जब उच्च शिक्षा का बड़ा हिस्सा निजी हाथों में है, तो इन संस्थानों से ओबीसी, दलित और आदिवासी छात्रों को बाहर रखना सामाजिक असमानता को और बढ़ाता है।
Congress कार्य समिति ने तेलंगाना राज्य के जाति सर्वेक्षण मॉडल की प्रशंसा की
कांग्रेस कार्य समिति ने तेलंगाना राज्य के जाति सर्वेक्षण मॉडल की प्रशंसा की है, जिसमें नीति निर्माण में सामाजिक वैज्ञानिकों, नागरिक समाज और समुदायों की भागीदारी रही। पार्टी ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि इसी पारदर्शी और सहभागी मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर अपनाया जाए।

