Badaun News: दोहरा हत्याकांड, अब तक पांच सौ लोगों से पूछताछ कर चुकी पुलिस, 100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले
बदायूं के सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में दो अफसरों की हत्या के मामले में पुलिस अब तक करीब पांच सौ लोगों से पूछताछ कर चुकी है।सूत्रों के मुताबिक सैंजनी गांव से लेकर दातागंज होते हुए बदायूं शहर व आसपास इलाके में लगे सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी पुलिस खंगाल चुकी है।इससे भी पुलिस को कई अहम जानकारी मिली है।
इस वारदात के बारे में जो भी जानकारी दे रहा है पुलिस उससे संपर्क कर रही है। आरोपी के परिजनों से लेकर अन्य सभी पहलुओं की जांच पुलिस कर रही है। आसपास के गांव के लोगों से भी पुलिस संपर्क कर आरोपी अजय प्रताप सिंह व उसके ताऊ राकेश सिंह की हरकतों के बारे में पता लगा रही है।इन लोगों ने अपना अवैध साम्राज्य किस तरह कायम कर रखा था, उसमें किसका संरक्षण था, इन सभी बातों की जानकारी की जा रही है।प्लांट में इनकी दखल अंदाजी किस हद तक थी यह सब पता किया जा रहा है।इसके साथ ही आरोपियों के मोबाइल फोन कॉल डिटेल खंगालने के साथ यह पता किया जा रहा है।कि इनके संपर्क किन-किन लोगों से रहे हैं।पुलिस जांच में कई बड़े खुलासे सामने आने की उम्मीद है।
जल्द बढ़ेंगे आरोपियों के नाम, भूमिका की जांच जारी:-इस वारदात में जो भी अन्य आरोपी है उनके नाम भी जल्द ही केस में बढ़ने की उम्मीद है।पुलिस घटना से जुड़े सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।साथ ही ऐसे लोगों के नाम भी चिह्नित किए जा चुके हैं, जो इस मामले में शामिल रहे हैं। केस में भी इनके नाम जल्द ही बढ़ेंगे।साथ ही अन्य आरोपियों की भूमिका भी जांच हो रही है।सीओ सिटी ने बताया कि जल्द ही केस में आरोपियों के नाम शामिल किए जाएंगे। पुलिस की जांच जारी है।

