Amroha News-गजरौला (अमरोहा): नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘अमन पब्लिक स्कूल’ में आज (31 मार्च 2026) वार्षिक परीक्षा परिणामों की घोषणा के उपरांत एक भव्य रिपोर्ट कार्ड वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में साल भर कड़ी मेहनत करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
मेधावियों को मिली शील्ड और प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान सभी कक्षाओं के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। अपनी-अपनी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय (1st, 2nd, 3rd) स्थान प्राप्त करने वाले उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर प्रमाण-पत्र (सर्टिफिकेट) और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। अपनी इस कामयाबी पर जहां बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं विद्यालय परिवार ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
‘आज के बच्चे ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर और नेता हैं’
इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक जनाब अशफाक अली खान और मिलते सैफिया कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव जनाब नफीस बेगाना सैफी जी ने शिरकत की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में उझारी के सभासद जनाब फुरकान अहमद सैफी और गुलफाम अली सलमानी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हाजी तस्लीम अहमद जी ने की।
मुख्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “बच्चे किसी भी देश की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। आज के ये नौनिहाल ही कल के डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, वैज्ञानिक और देश के भविष्य के नेता बनेंगे। यदि बच्चों को सही शिक्षा, अच्छे संस्कार और उचित मार्गदर्शन मिले, तो वे देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।”
लक्ष्य से कभी न भटकें विद्यार्थी: प्रबंधक शरीफ अख्तर
विद्यालय के प्रबंधक जनाब शरीफ अख्तर सैफी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और सच्ची लगन ही हमें जीवन में सफलता दिला सकती है। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा, “हमें अपने लक्ष्य से कभी नहीं भटकना चाहिए और निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए, तभी हम अपने जीवन में एक मुकाम हासिल कर सकते हैं।”
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्या शाहना अख्तर सैफी द्वारा सभी अतिथियों का शॉल ओढ़ाकर आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन में योगदान देने वाले समस्त स्टाफ को भी सम्मानित किया गया।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस गरिमामयी अवसर पर विद्यालय स्टाफ से मुख्य रूप से रीना सैनी, मोनिका सिंह, अजीम खान, शिवानी यादव, आशिया सैफी, शीनू कुमारी, आंचल कुमारी, महफिजा मलिक, तरुण कुमार, बिट्टू रावत और गुंजन सैनी सहित भारी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक मौजूद रहे।

