Amroha News-गजरौला/अमरोहा: खेती की बढ़ती लागत को कम करने और गन्ने की बंपर पैदावार हासिल करने के उद्देश्य से मंगलवार (24 मार्च) को ग्राम शाहबाजपुर डोर में एक विशेष कृषि गोष्ठी का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) के तहत गन्ना विकास परिषद गजरौला और चंदनपुर व शाहाबाद चीनी मिल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस गोष्ठी में किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाए गए।
नैनो उर्वरकों का कमाल, महंगे खाद से मिलेगा छुटकारा
गोष्ठी में मुख्य रूप से पहुंचे इफको (IFFCO) अमरोहा के क्षेत्राधिकारी श्री प्रवीन सिंह ने किसानों को दानेदार (बोरी वाले) उर्वरकों के नुकसान और नैनो उर्वरकों के फायदों के बारे में विस्तार से समझाया:

प्रयोग विधि: उन्होंने सलाह दी कि गन्ने की बुवाई में महंगे पारंपरिक डीएपी की जगह ‘नैनो डीएपी’ से बीजोपचार करके बुवाई करें। वहीं, खड़ी फसल पर ‘नैनो यूरिया’ का स्प्रे करने से शानदार परिणाम मिलते हैं।
लागत में कमी और बेहतर जमाव: नैनो उर्वरकों के प्रयोग से न केवल खेती की लागत कम आती है, बल्कि गन्ने का जमाव भी पारंपरिक खाद के मुकाबले बेहतर और जल्दी होता है।
खाद के साथ मुफ्त बीमा: उन्होंने जानकारी दी कि विश्व की दूसरी सबसे बड़ी सहकारी संस्था इफको अपने उर्वरकों के साथ किसानों को बीमा सुविधा भी देती है, जिसका नारा है— “खाद तो खाद, बीमा भी साथ”।
CO 0238 को छोड़ें, नई प्रजातियों की करें बुवाई
राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक शिवशंकर लाल ने किसानों को जागरूक करते हुए बताया कि पुरानी पड़ चुकी गन्ना प्रजाति CO 0238 का अब विस्थापन किया जा रहा है। उन्होंने अच्छी पैदावार के लिए नवीन और उन्नत प्रजातियों जैसे— COLK 14201, COLK 16202, COS 13235, 18231, 19231, 15023 और CO 0118 की बुवाई करने की सलाह दी। इसके साथ ही किसानों को पैड़ी प्रबंधन, पंचामृत खेती, बीज व भूमि उपचार (ट्राइकोडर्मा और बवेरिया बेसियाना का प्रयोग) और फार्म मशीनरी बैंक से जुड़ी विभागीय सुविधाओं की विधिवत जानकारी दी गई।
साफ गन्ना लाएं, समय पर भुगतान पाएं
चंदनपुर चीनी मिल के डीजीएम श्री आशीष कुमार तिवारी (A.K. Tiwari) ने गोष्ठी में किसानों से अपील की कि वे चीनी मिल और सभी तौल केंद्रों पर साफ-सुथरा और पत्ती-जड़ रहित गन्ना ही लाएं, जिससे चीनी की रिकवरी बेहतर हो सके। इसके साथ ही उन्होंने गन्ना किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें उनके गन्ने का मूल्य भुगतान समय से और शीघ्र कराया जाएगा।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति: इस महत्वपूर्ण गोष्ठी में इफको क्षेत्राधिकारी प्रवीन सिंह, चंदनपुर चीनी मिल के डीजीएम ए.के. तिवारी, अभी गोस्वामी, टी.सी. राजोरिया, राजकीय गन्ना पर्यवेक्षक अनिल कुमार, सचिन कुमार, सतेंद्र सिंह राणा, संजय कुमार, शिव शंकर, चीनी मिल सर्वेयर विपिन कुमार समेत करीब 50 प्रगतिशील गन्ना किसानों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।

