समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा, सोमवार। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर जनपद अमरोहा समेत आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए बृजघाट और तिगरी गंगा धाम पहुंचे। सुबह से ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर गंगे’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और अपने पितरों की शांति के लिए पिंडदान व तर्पण किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सोमवती अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष महत्व होता है, जिससे पितृ दोष से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति होती है।भीड़ के मद्देनज़र प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, वहीं गंगा एक्सप्रेसवे पर रूट डायवर्जन लागू किया गया। हालांकि, इस डायवर्जन के चलते हसनपुर तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह भारी जाम की स्थिति बन गई। सुबह करीब 8 बजे से शुरू हुआ जाम साढ़े 10 बजे तक बना रहा, जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे।जाम में फंसे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। पुलिस प्रशासन जाम खुलवाने में जुटा रहा, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण यातायात व्यवस्था सामान्य होने में समय लगा।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

