नई दिल्ली,। Air India ने बुधवार को जारी एक प्रेस बयान के बाद गुरुवार को एक और अहम जानकारी साझा की। एयरलाइन ने यह स्पष्ट किया कि बोइंग 787 और 777 विमानों द्वारा संचालित उड़ानों में अस्थायी कटौती की जा रही है, जो 21 जून से प्रभावी होगी और कम से कम 15 जुलाई तक जारी रहेगी।
Air india के एक और विमान में आई तकनीकी खराबी, अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट कैंसिल
Air India ने बताया कि यह निर्णय दो प्रमुख कारणों से लिया गया है। पहला, इन विमानों पर स्वैच्छिक रूप से उन्नत प्री-फ्लाइट सुरक्षा जांच करना और दूसरा, मध्य-पूर्व क्षेत्र में वायुक्षेत्र बंद होने के कारण उड़ानों की अवधि में वृद्धि होना। एयर इंडिया का उद्देश्य उड़ानों के कार्यक्रम को स्थिर बनाना और यात्रियों को अंतिम क्षण की असुविधा से बचाना है।
कटौती के तहत कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है। इसमें दिल्ली-नैरोबी (एआई961/962) मार्ग पर सप्ताह में चार उड़ानें शामिल हैं जो 30 जून तक निलंबित रहेंगी। इसके अतिरिक्त अमृतसर-लंदन (गैटविक) (एआई169/170) और गोवा (मोपा)-लंदन (गैटविक) (एआई145/146) मार्गों की सप्ताह में तीन-तीन उड़ानें भी 15 जुलाई तक बंद रहेंगी।
इसके अलावा, कई मार्गों पर उड़ानों की संख्या में कमी की गई है। उत्तर अमेरिका के लिए दिल्ली-टोरंटो मार्ग पर अब सप्ताह में 13 की जगह 7 उड़ानें होंगी, दिल्ली-वैंकूवर पर 7 से घटाकर 5, दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को पर 10 से 7, दिल्ली-शिकागो पर 7 से 3 और दिल्ली-वॉशिंगटन (डलस) मार्ग पर 5 से घटाकर 3 उड़ानें की जाएंगी।
Air India बोइंग 787 और 777 विमानों द्वारा संचालित उड़ानों में अस्थायी कटौती की जा रही
यूरोप जाने वाली उड़ानों में भी कटौती की गई है। दिल्ली-लंदन (हीथ्रो) की उड़ानें सप्ताह में 24 से घटकर 22, बेंगलुरु-लंदन (हीथ्रो) 7 से 6, अमृतसर-बर्मिंघम और दिल्ली-बर्मिंघम 3 से 2, दिल्ली-पेरिस 14 से 12, दिल्ली-मिलान 7 से 4, दिल्ली-कोपेनहेगन 5 से 3, दिल्ली-वियना 4 से 3 और दिल्ली-एम्सटर्डम मार्ग पर उड़ानें 7 से घटकर 5 रह जाएंगी।

