Haryana Weather News : हरियाणा में लगातार पांचवें दिन प्रचंड गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आसमान से आग बरसने के साथ-साथ गर्म हवाओं ने दिनभर लोगों को बेहाल किया। लगातार तीसरे दिन सिरसा राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां बुधवार को अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने इस सीजन का पहला रेड अलर्ट जारी कर दिया है, जिसमें भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है।
Haryana Weather News : तापमान 48 डिग्री तक पहुंचने की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिन तापमान 48 डिग्री तक पहुंच सकता है। अधिकतर क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 12 से 14 जून के बीच हरियाणा के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि अन्य हिस्सों में 44 से 46 डिग्री तक जा सकता है। अगले दो दिन के लिए रेड अलर्ट और तीसरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
Haryana News : हिसार एयरपोर्ट से अब जयपुर, अहमदाबाद और जम्मू की सीधी उड़ानें, सीएम सैनी ने किया ऐलान
Haryana Weather News : 14 जून से हल्की राहत की उम्मीद
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 14 जून से कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि, अगले तीन दिन तापमान में गिरावट की कोई संभावना नहीं जताई गई है। गर्मी का असर सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि रात के तापमान पर भी नजर आ रहा है।
Haryana Weather News : रातें भी बनीं तपती हुई
हरियाणा के चार जिलों—अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी और सिरसा—में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। अगले दो दिन रात का तापमान भी इसी के आसपास रहने की संभावना है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 29.3, रोहतक में 28.6, फरीदाबाद में 29.4 और नूंह में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले साल गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे जब 28 मई को सिरसा का तापमान 50.3 डिग्री और नूंह का 48.4 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि जून में थोड़ी बारिश के चलते गर्मी कुछ कम हो गई थी।
जिले अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
अंबाला 42.0 30.5
हिसार 44.3 28.8
करनाल 40.9 28.5
नारनौल 44.7 29.3
रोहतक 46.2 28.6
भिवानी 44.1 29.8
गुरुग्राम 42.1 27.2
पंचकूला 39.4 28.1

