गाजियाबाद । Acharya Pramod Krishnam ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर शनिवार को जोरदार तंज कसते हुए कहा कि वह पाकिस्तान में काफी लोकप्रिय हैं। अगर वह पाकिस्तान से चुनाव लड़ेंगे तो यकीनन भारी मतों से जीतेंगे। आईएएनएस से बातचीत के दौरान Acharya Pramod Krishnam ने कहा कि राहुल गांधी को अपने नेताओं के बयान पर विश्वास नहीं है।
राहुल गांधी को करनी चाहिए प्रधानमंत्री की तारीफ : Acharya Pramod Krishnam
उन्हें तो पाकिस्तान के नेता पर यकीन है। अगर भारत की सेना कह रही है कि हमने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है तो राहुल गांधी सबूत मांगते हैं। अगर पाकिस्तान का नेता कुछ कह दे, उस पर तुरंत यकीन कर लेते हैं। यही वजह है कि पाकिस्तान की जनता राहुल गांधी से प्यार करती है और वे भी पाकिस्तान से बहुत प्यार करते हैं।
कांग्रेस सांसद सलमान खुर्शीद और शशि थरूर की ओर से पीएम मोदी के फैसलों की प्रशंसा करने से क्या कांग्रेस में बगावत के सुर देखने को मिलेंगे। इस पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता कि कांग्रेस में विद्रोह शुरू हो गया है या नहीं, लेकिन पीएम मोदी की प्रशंसा इसलिए नहीं हो रही है क्योंकि कांग्रेस नेता ऐसा कह रहे हैं, बल्कि इसलिए हो रही है क्योंकि सच्चाई सामने आ गई है। पीएम मोदी के कार्यकाल में पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया गया है।
Acharya Pramod Krishnam सेना, संसद, संविधान पर सवाल उठाना राहुल गांधी का शौक है
ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राहुल गांधी के आरोपों पर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सेना, संसद, संविधान पर सवाल उठाना राहुल गांधी का शौक है। जैसे कोई बालक बिगड़ जाता है तो सुधरने की उम्मीद होती है। लेकिन, राहुल गांधी ऐसे बड़े घर के बालक हैं, जो काफी बिगड़े हुए हैं, जो बहुत बिगड़ चुके हैं। अब मुझे नहीं लगता है कि राहुल गांधी के सुधरने की कोई सूरत बची है। फिर भी मैं उन्हें सलाह देता हूं कि वो देश के खिलाफ ना बोलें।

