Haryana News : हरियाणा में जल्द ही योग और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र खोले जाएंगे, जहां योग गुरु अपनी योग थैरेपी के माध्यम से मरीजों का इलाज कर सकेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यह घोषणा पंचकूला में आयोजित योग महोत्सव के दौरान की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार इस साल से योग और प्राकृतिक चिकित्सकों का पंजीकरण शुरू करेगी। साथ ही, सीएम ने यह भी घोषणा की कि आयुष योग सहायकों की सेवा के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके परिजनों को अपने ऐच्छिक कोष से तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
Haryana News : योग प्रतिभागियों का सम्मान और नए पोर्टल की शुरुआत
योग महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने सूर्य नमस्कार अभियान-2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 264 प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इसके साथ ही, उन्होंने आयुष विभाग के तीन नए पोर्टल—ई-मार्केट प्लेस पोर्टल, आयुष औषधि इन्वेंटरी पोर्टल, और ई औषधि लाइसेंसिंग पोर्टल—का शुभारंभ भी किया। ई-मार्केट प्लेस पोर्टल के ज़रिए औषधीय पौधे तैयार करने वाले किसान और कारोबारी पंजीकरण करा सकेंगे और खरीदारों से सीधे जुड़ सकेंगे।
Haryana News : गर्मी का प्रकोप: हरियाणा सरकार अलर्ट, हर जिले में शुरू होंगे इमरजेंसी सेंटर
Haryana News : आयुष औषधियों और लाइसेंसिंग की डिजिटल व्यवस्था
आयुष औषधि इन्वेंटरी पोर्टल के माध्यम से विभागीय अधिकारी औषधियों की मांग और स्टॉक की जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे। वहीं, ई औषधि लाइसेंसिंग पोर्टल पर औषधि लाइसेंस के लिए आवेदन, नवीनीकरण और लोन लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया भी ऑनलाइन हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है, जहां योग को शिक्षा का हिस्सा बनाया गया है और 25,000 शिक्षा कर्मियों को योग शिक्षक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।
Haryana News : व्यायामशालाएं और आयुष केंद्रों का विस्तार
प्रदेश सरकार 6500 गांवों में व्यायामशालाएं खोलने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें से 1121 स्थानों की पहचान कर ली गई है और 714 व्यायामशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें अब तक 877 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत राज्य की सभी आयुर्वेदिक औषधालयों को आयुष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में अपग्रेड किया जा रहा है। अब तक 506 औषधालयों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बदला जा चुका है, जिनमें 126 योग इंस्ट्रक्टर तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने योग महोत्सव को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का अहम हिस्सा बताया।

