नई दिल्ली। Congress ने कहा है कि पाकिस्तान के विरुद्ध सैन्य कार्रवाई रोकने के निर्णय तथा कश्मीर को लेकर राग अलापने का हर मंच से जो काम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से किया जा रहा है वह देश की सुरक्षा और संप्रभुता के लिए गंभीर चिंता का विषय है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इसको लेकर चुप्पी साधने की बजाय देश को जवाब देना चाहिए।
ट्रंप के बयान से ज्यादा हैरान करने वाली है मोदी की चुप्पी : Congress
Congress के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश तथा विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की यहां हुई बैठक के बाद पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर पहली घोषणा अमेरिका से होती है जो गंभीर सवाल खड़े करती है और मोदी सरकार को इस सवाल का जवाब देना चाहिए।
अब अमेरिका की ओर से कश्मीर को लेकर चर्चा करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि इस मुद्दे पर सिर्फ भारतीय संसद में ही बात होनी चाहिए लेकिन इस बारे में भी श्री मोदी चुप्पी साधे हैं। प्रधानमंत्री बुनियादी सवालों का जवाब देने की बजाय आपरेशन सिंदूर पर राजनीति कर रहे हैं और इसे एक पार्टी का ब्रांड बनाने का प्रयास किया जा रहा है इसलिए सिर्फ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई जा रही है।
यह इस आपरेशन सिंदूर के राजनीतिकरण करने का प्रयास है और इसे पार्टी का ब्रांड बनाने की कोशिश हो रही है। कुछ दिन पहले एक उद्योगपति घराने ने भी आपरेशन सिंदूर को ब्रांड बनाने की कोशिश की थी।
Congress ने कहा कि बैठक में पहलगाम हमले का मुद्दा भी उठा और पहलगाम हमले को लेकर सुरक्षा तथा खुफिया चूक पर गहरी चिंता व्यक्त की गई तथा सरकार से इस बारे में सवाल पूछे गये है। उनका कहना था कि बैठक में 23 वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया और सभी नेताओं ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि देश की सुरक्षा और संप्रभुता का सवाल है तो क्यों अमेरिका व्यापार का मुद्दा उठाकर दबाव बनाने का काम कर रहा है।
सैन्य कार्रवाई रोकने की पहली घोषणा अमेरिका से हुई, लेकिन प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस बारे में कुछ नहीं कहते हैं। अमेरिका कहता है कि कश्मीर मुद्दे पर भारत या पाकिस्तान नहीं, कहीं तीसरे देश में बातचीत हो लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इस मुद्दे पर भी श्री मोदी और डॉ. जयशंकर चुप्पी साधे हैं।
Congress नेताओं ने कहा कि पार्टी नेताओं ने बैठक में पहलगाम हमले के बाद की स्थिति पर सर्वदलीय बैठक और संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। उनका कहना था कि पहलगाम में सुरक्षा चूक तथा खुफिया विफलता को लेकर सबको सर्वदलीय बैठक में जवाब दिया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा करने की बजाय सरकार आपरेशन सिंदूर के नाम पर राजनीति कर रही है और जल्दी ही भाजपा गठबंधन सरकार के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक रही है।
Congress अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इसमें क्यों नहीं बुलाया जा रहा
अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इसमें क्यों नहीं बुलाया जा रहा है। उन्होंने इसे आपरेशन सिंदूर का राजनीतिकरण करार दिया और कहा कि सुरक्षा को लेकर सर्वदलीय बैठक के साथ ही संसद का विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए।

