Wazirganj News: झाड़ियों में छिपे मिले घरेलू गैस सिलिंडर, कालाबाजारी का शक
वजीरगंज। नगर में स्थित इंडियन गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। गैस सिलिंडर लेने के लिए ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।वहीं,एजेंसी गोदाम के पीछे झाड़ियों और घास-फूस के बीच घरेलू गैस सिलिंडर रखे मिलने से सवाल खड़े हो गए हैं।ग्रामीणों ने सिलिंडर छिपाकर रखने और कालाबाजारी की आशंका जताई है।बुधवार को ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एजेंसी खुलने का समय सुबह 9:30 बजे से शाम पांच बजे तक अंकित है।बावजूद इसके उपभोक्ताओं का आरोप है कि सुबह 10 बजे तक भी कार्यालय का गेट नहीं खुलता।ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग सुबह आठ बजे से ही सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लग जाते हैं।इनमें महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
बिल्सी क्षेत्र के गांव हैवतपुर निवासी श्रीपाल,धर्मेंद्र,मुनीश और यामीन ने एजेंसी की व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि निर्धारित समय पर कार्यालय खुलना चाहिए, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। इसी बीच गोदाम के पीछे झाड़ियों में घरेलू सिलिंडर रखे मिलने से मामला और गंभीर हो गया है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि सिलिंडरों को जानबूझकर छिपाकर रखा जा रहा है ताकि उनकी कालाबाजारी की जा सके।वजीरगंज निवासी भोलू ने बताया कि वह सिलिंडर लेने एजेंसी पहुंचे थे, लेकिन खाली हाथ लौटना पड़ा। वहीं, जुबेर ने बताया कि सिलिंडरों से भरे दो ई-रिक्शा भेजे गए हैं,लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि सिलिंडर कहां भेजे गए।वायरल हो रहे वीडियो के बारे में जानकारी नहीं है,ऐसा अगर कोई मामला है तो बृहस्पतिवार को जांच कराई जाएगी।उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।-सतीश कुमार मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी
रिपोर्ट -जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

