उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में करीब 10 लाख पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं होने का अनुमान है। यह जानकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक के दौरान दी। बैठक में बताया गया कि गाजियाबाद की वर्तमान मतदाता सूची में 23 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं, इसके बावजूद अनुमान है कि लगभग 10 लाख पात्र नागरिक अभी मतदाता सूची से बाहर हैं।
23 लाख से अधिक दर्ज, फिर भी 10 लाख बाहर
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 10 लाख पात्र लोगों के नाम छूटने पर चिंता जताई और अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में किसी का नाम अपने आप नहीं जुड़ता, बल्कि इसके लिए पात्र नागरिक को आवेदन करना जरूरी होता है। अनुमान है कि जिले में करीब 47 से 48 प्रतिशत नए नाम जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
17 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर 2026 को आलेख्य (ड्राफ्ट) मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इससे पहले ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के लिए 12 नवंबर की तारीख निर्धारित थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 17 नवंबर कर दिया गया है। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। Also read: मतदाता जोड़ो अभियान, योगी ने दिया 1 करोड़ वोटर जोड़ने का लक्ष्य
21, 22, 28 और 29 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष कैंप लगाने का निर्णय लिया है। ये कैंप 21, 22, 28 और 29 नवंबर को लगाए जाएंगे, ताकि लोग आसानी से अपने दस्तावेज जमा कर सकें। नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे 17 नवंबर को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम जरूर जांचें।
नाम जांचने की अपील, फॉर्म-6 भरने पर नहीं होगी कार्रवाई
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में जिन लोगों का नाम नहीं है, उन्हें दोबारा नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरने में डरने की जरूरत नहीं है। अगर किसी व्यक्ति का नाम पहले की मतदाता सूची में था, लेकिन नई सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर अपना नाम फिर से जुड़वा सकता है। आयोग ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा-31 के तहत कार्रवाई नहीं की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। Also read: लखनऊ में BJP SIR कार्यशाला, योगी ने किया संबोधित

