Amroha News :अमरोहा: गजरौला थाना क्षेत्र के टोकरा पट्टी गांव में जमीन बेचने का दबाव बनाने और इनकार करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जानेन्द्र सिंह समेत तीन आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि, अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में है और पुलिस-प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहा है।
घात लगाकर बैठे थे हमलावर, धारदार हथियार से किया वार टोकरा पट्टी गांव निवासी पीड़ित समरपाल यादव द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनका भाई अमरपाल 7 अगस्त को गजरौला स्थित डिग्री कॉलेज के पास गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे शानू और दिनेश ने उस पर धारदार हथियार से अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अमरपाल बुरी तरह लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। गंभीर हालत में उसे पहले सीएचसी गजरौला ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे मेरठ के अस्पताल रेफर कर दिया।
जमीन कब्जाने की नीयत और लगातार मिल रही धमकियां समरपाल का आरोप है कि मेहम्मदी निवासी जानेन्द्र सिंह, शानू और भानपुर निवासी दिनेश उन पर लगातार जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने अपनी जमीन बेचने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने रंजिश रखते हुए इस जानलेवा हमले को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उन्हें लगातार धमकियां दे रहे हैं।
BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज, पुलिस कर रही तलाश गजरौला पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 109 (हत्या का प्रयास) और 351(3) (आपराधिक धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने उच्चाधिकारियों से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

