पीएम रिपोर्ट में खुलासा: गर्भवती रोशनी की गला दबाकर की गई थी हत्या, पति समेत चार के खिलाफ मुकदमा
बदायूं।गर्भवती विवाहिता की गला दबाकर हत्या के मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। विवाहिता की मौत के बाद ससुराल वालों ने पुलिस और मायके पक्ष को फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई थी।मायके वालों ने दहेज उत्पीड़न को लेकर हत्या की आशंका जताई थी। इसके बाद पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें विवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने और उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई। दरअसल उसावां थाना क्षेत्र के गांव गूरा बरैला निवासी जितेंद्र पाल पुत्र रूपराम की पत्नी रोशनी 23 की मौत हो गई थी।
मायके वाले पहुंचे तो रोशनी जमीन पर पड़ी थी।जितेंद्र और उसके परिजनों ने मायके वालों को बताया कि रोशनी ने टीन शेड पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।इसके बाद रोशनी के पिता दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव कोली के रहने वाले कुमरपाल पुत्र गोविंद राम ने बेटी की मौत पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।उन्होंने बताया कि बेटी की शादी छह फरवरी 2026 को जितेंद्र पाल के साथ की थी।आरोप है कि शादी के बाद से ही रोशनी को प्रताड़ित किया जाने लगा था।कुमारपाल ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले बुलेट बाइक की मांग को लेकर रोशनी के साथ कई बार मारपीट करते थे।वहीं, रोशनी की मौत के बाद ससुराल पक्ष की ओर से फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई गई थी।मायके वालों ने हत्या की आशंका जताई, जिसके बाद पुलिस ने पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया।पोस्टमार्टम में रोशनी के गर्भवती होने और गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र पाल, उसके पिता रूपराम, मां रामबेटी और बहन ममता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

