UP News-मुरादाबाद: मझोला थाना क्षेत्र में एक विधवा महिला के साथ रिश्तेदार द्वारा नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता से अब तक 4.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात हड़प लिए हैं। एसएसपी के निर्देश पर मझोला पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शाहपुर तिगरी में दिया वारदात को अंजाम पुलिस को दी गई शिकायत में मझोला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित विधवा ने बताया कि आरोपी रामबहादुर उसका रिश्तेदार है। एक दिन वह किसी काम से शाहपुर तिगरी गई थी। आरोप है कि वहां रामबहादुर ने अपने घर पर उसे धोखे से नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया।
पत्नी और बेटे ने बनाया वीडियो, फिर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल पीड़िता का आरोप है कि वारदात के दौरान रामबहादुर की पत्नी और बेटे ने छिपकर उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। लोकलाज और बदनामी के डर से महिला ने शुरू में किसी से शिकायत नहीं की। इसका फायदा उठाते हुए आरोपी रामबहादुर, उसकी पत्नी, बेटे और बेटी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। ब्लैकमेलिंग के जरिए आरोपियों ने पीड़िता से साढ़े चार लाख रुपये नकद और जेवरात ऐंठ लिए।
मकान बेचकर 5 लाख रुपये और लाने की धमकी लाखों रुपये और जेवर हड़पने के बाद भी आरोपियों का लालच कम नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने कटघर क्षेत्र के गढ़ी मेहमूदपुर निवासी सूरज और पवन को भी अपने साथ मिला लिया। अब ये सभी मिलकर पीड़िता से 5 लाख रुपये की और मांग कर रहे हैं। आरोपियों ने धमकी दी है कि वह अपना मकान बेचकर उन्हें 5 लाख रुपये दे, वरना उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा।
एसपी सिटी के निर्देश पर जांच शुरू लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर पीड़िता ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मझोला पुलिस ने सभी सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

