पति की प्रताड़ना से परेशान गर्भवती पहुंची थाने, पुलिस ने सीएचसी में कराया भर्ती, बेटे को दिया जन्म
बदायूं। कुंवरगांव क्षेत्र में पति की मारपीट से परेशान होकर लखनऊ से चार साल के बेटे के साथ निकली गर्भवती महिला शनिवार देर रात परिचित के घर पहुंची,लेकिन वहां ताला लगा मिला।देर रात होने के कारण महिला के सामने ठहरने का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में वह मदद की उम्मीद लेकर थाने पहुंची,जहां पुलिस ने महिला की मदद की।पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया,जहां उसने बेटे को जन्म दिया।अंजलि ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से गंवा,जिला संभल की रहने वाली है।पहले उसका नाम मैनाज बी था और पिता का नाम इफ्तखार अली है।महिला के मुताबिक दिल्ली में उसकी मुलाकात संजू से हुई थी।इसके बाद उसने धर्म परिवर्तन कर मंदिर में संजू से प्रेम विवाह किया था।कुंवरगांव कस्बे के ही एक व्यक्ति ने दोनों का विवाह कराया था।

सीएचसी में दिया बेटे को जन्म:-पुलिस उसके लिए वापस जाने की भी व्यवस्था कर रही थी।इसी दौरान अंजलि को अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी।एसएसआई ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर महिला आरक्षी साक्षी चौधरी के साथ उसे वजीरगंज सीएचसी भेजा।अस्पताल में महिला ने बेटे को जन्म दिया।जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित बताए गए हैं।महिला की देखभाल और सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी समेत अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी सीएचसी में लगाई गई है।
फल लेकर अस्पताल पहुंचे पुलिसकर्मी:-सुबह पुलिसकर्मी फल और अन्य सामान लेकर वजीरगंज सीएचसी पहुंचे और महिला व नवजात का हालचाल जाना।पुलिस की इस संवेदनशील पहल की अस्पताल में मौजूद लोगों ने भी सराहना की। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि महिला के पति से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। महिला को सुरक्षित उसके घर भेजने की व्यवस्था पुलिस की ओर से की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

