UP News-मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। यहां थाना सुरीर पुलिस ने शादी के नाम पर कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए इसमें शामिल दो आरोपियों और एक कथित लुटेरी दुल्हन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से कुल 45,010 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह में शामिल आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने की थी ठगी
मथुरा में लुटेरी दुल्हन के रूप में सामने आए इस मामले को लेकर जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव ने बताया कि नगला जयसिंह निवासी चंद्रभान ने थाना सुरीर में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के अनुसार उसके बेटे की शादी कराने के नाम पर आरोपियों ने उससे 1 लाख 15 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि रुपये लेने के बाद चंद्रभान के बेटे को अलीगढ़ स्थित पनेठी देवी मंदिर ले जाया गया, जहां एक युवती से उसकी शादी कराई गई। शादी के बाद युवती को परिवार के साथ गांव भेज दिया गया। लेकिन गांव पहुंचने के कुछ समय बाद युवती अपने कथित साथियों इरफान और सुंदर के साथ फरार हो गई।
तीनों आरोपियों को भेजा गया जेल
इस मामले में पीड़ित से शिकायत मिलने के बाद थाना सुरीर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को खायरा चौकी क्षेत्र में खंडहर खायरा कोठी के पास एक पेड़ के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर पुत्र दुर्गा, निवासी अग्रयाला थाना शेरगढ़ जिसकी उम्र करीब 48 साल है। इसके अलावा इरफान पुत्र इकबाल, निवासी डींग गेट नई बस्ती थाना गोविंद नगर, उम्र करीब 28 साल और युवती काजल उर्फ रूबीना शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुंदर के कब्जे से 15,500 रुपये और एक रियलमी मोबाइल, इरफान से 22,010 रुपये और एक रियलमी मोबाइल, जबकि युवती काजल उर्फ रूबीना से 7,500 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है। क्षेत्राधिकारी मांट अमर नाथ यादव ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

