UP News-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर जिले के दौरे पर हैं। यहां उन्होंने 692 करोड़ रुपये की लागत वाली 268 जन-कल्याणकारी परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के ऊपर जमकर हमला किया है। सीएम योगी ने कहा है कि इन दलों ने गाजीपुर के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था।
गाजीपुर जनपद क्यों गुमनाम होता गया?- CM योगी
सीएम योगी ने गाजीपुर में कहा- “याद करिए 1971 के भारत-पाकिस्तान के युद्ध में अपना शौर्य का परिचय देने वाले | शहीद राम उग्र पांडे भी इसी पावन धरा से थे जिनके शौर्य को देखते हुए मरणोपरांत उन्हें भारतीय सेना के एक महत्त्वपूर्ण सम्मान महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। श्री कुबेरनाथ राय हिंदी साहित्य के प्रतिष्ठित ललित निबंधकार और विद्वान थे। गोपाल राय, गोपालराम गहमरी, यानी गहमरी बाबू के नाम पर कहते हैं 200 से अधिक उपन्यास उन्होंने लिखे थे। ऐसे अनेक विभूतियों को जन्म देने वाला हमारा गाजीपुर जनपद क्यों गुमनाम होता गया? क्यों इसका नाम डूब गया? क्यों जनपद का नाम लेने से लोग कांपते थे? क्यों आने से डरते थे? पहचान का संकट किसने खड़ा किया? पहचान का संकट खड़ा करने वाले वही लोग हैं, जिन्होंने किया तो कुछ नहीं लेकिन आपके सामने पहचान का संकट जरूर खड़ा कर दिया।”
इन्होंने विदेशी आक्रांताओं को महिमामंडित किया- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- “ये पहचान का संकट खड़ा करने वाले वही लोग हैं जिन्होंने राष्ट्र रक्षा के लिए अपने आप को समर्पित होने वाले भारत के राष्ट्रनायकों को सम्मान देने की बजाय जिन्होंने विदेशी आक्रांताओं को महिमामंडित किया था। और आज मैं इस बात को कह सकता हूं कि डबल इंजन की ये बीजेपी एनडीए की सरकार राष्ट्र नायकों को सम्मान देती है। 1000 वर्ष पहले भारत को रौंदने की दृष्टि से आया था एक सालार मसूद। सालार मसूद को बहराइच के चित्तौड़ा नामक स्थान पर भारत के जिस महापुरुष ने, राष्ट्रीय नायक ने रौंद करके सबसे कड़ी सजा दी थी। वह महापुरुष कोई और नहीं महाराज सुहेल देव हैं।”
हमने सालार मसूद गाजी का मेला बंद करवाया- CM योगी
सीएम योगी ने कहा- “महाराज सुहेल देव के नाम पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कभी कोई आयोजन नहीं होने दिया। महाराज सुहेलदेव जिनके शौर्य और पराक्रम से जिनकी युक्ति से यह देश लंबे समय तक विदेशी आक्रांताओं की बर्बरता से बचा था उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के बजाय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राष्ट्र नायकों का अपमान किया। ये लोग आक्रांता सालार मसूद गाजी का मेला लगवाते थे। हमारी सरकार आई हमने कहा नहीं, सालार मसूद का मेला नहीं लगेगा। मेला लगेगा तो महाराज सुहेलदेव की स्मृति में लगेगा। और आज मुझे प्रसन्नता है बताते हुए कि बहराइच के उस स्थान पर हम लोगों ने महाराज सुहेलदेव की भव्य प्रतिमा की स्थापना की है, भव्य स्मारक बनाया है। वहां अब मेला लगता है, नौजवान जाते हैं, भारत के राष्ट्रनायक के रूप में महाराज सुहेलदेव को सम्मान देते हैं। महाराजा सुहेलदेव के नाम पर हम लोगों ने बहराइच में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया है। आजमगढ़ में विश्वविद्यालय का निर्माण किया है।”
समाजवादी पार्टी ने महापुरुषों को अपमानित किया- CM
सीएम योगी ने कहा- “बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम पर बने हुए मेडिकल कॉलेज का नामकरण समाजवादी पार्टी ने बदल दिया। कन्नौज के मेडिकल कॉलेज का नाम बदल दिया। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जिन्होंने देश के अंदर सुशासन का और भारत के मान बिंदुओं की पुनः प्रतिष्ठा का एक अभिनंदनीय कार्य किया था। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर बने हुए कॉलेज का नाम समाजवादी पार्टी ने बदल दिया। याद करिए संत शिरोमणि सद्गुरु रविदास जी महाराज। रविदास जी के नाम पर बना हुआ भदोही जनपद का नामकरण उन्होंने बदलने बदलने का पाप किया। यह सभी पाप समाजवादी पार्टी के खाते में जाते हैं। इन्होंने लूटा ही नहीं। इन्होंने पहचान का संकट ही खड़ा नहीं किया, इन्होंने महापुरुषों को अपमानित भी किया।” बता दें कि सीएम योगी ने हाल ही में ऐलान किया है कि भदोही जिले का नाम अब संत रविदास नगर होगा।
अब पहचान का संकट नहीं है- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- “आज से 10 वर्ष पहले आप कहीं जाते थे गाजीपुर से बाहर, अगर सामने वाला व्यक्ति आपको कहीं पे सम्मान देता भी हो लेकिन आपने गाजीपुर का नाम और उत्तर प्रदेश का नाम बता दिया तो वह 10 कदम पीछे हट जाता था। बहनों और भाइयों, होटल में कमरे नहीं मिलते थे, धर्मशाला में कोई टिकने नहीं देता था। किराए पर कोई रूम नहीं देता था। लेकिन आज मैं कह सकता हूं, आज यूपी बदल चुका है। आज आप कहीं जाते हैं, आज आप कहीं जाते हैं, अब पहचान का संकट नहीं है। अगर सामने वाला व्यक्ति 10 कदम है। आपने कह दिया कि भई मैं गाजीपुर से आया हूं, मैं उत्तर प्रदेश से आया हूं। मैं काशी से आया हूं। वह 10 कदम आगे आकर के आपसे गले मिलने के लिए उतावला दिखाई देता है।”
ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- “जिन्होंने पहचान का संकट खड़ा किया था, जिन्होंने युवाओं के रोजगार पर डकैती डाली थी। जिन्होंने अन्नदाता किसानों की खुशहाली को छीनने का कार्य किया था। जिन्होंने बेटी और व्यापारी के सामने सुरक्षा का संकट खड़ा किया था। जिन्होंने विकास के कार्यों को अपने कार्यकर्ताओं के हवाले लूट खसोट करने की पूरी खुली छूट दे रखी थी। आज वे लोग आज वे लोग हमें आईना दिखाने का काम कर रहे हैं। अगर समाजवादी पार्टी के पाप का पर्दा उठाना शुरू कर देंगे तो ये कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं बचेंगे। ये जो पूर्वांचल एक्सप्रेसवे बना है ना, अकेले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे में एक्सप्रेसवे नहीं बनी, लेकिन इन्होंने 3000 करोड़ रुपए का वारा न्यारा कर दिया था, इस समाजवादी पार्टी के लोगों ने। जब हम लोग आए, मैं बहुत चकित था देख करके। हमने कैंसिल किया। कैंसिल करने के बाद फिर से जमीन अधिग्रहण किया।”
चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलते थे- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- “इन्होंने और भी जगह पाप किए थे। युवाओं की नौकरी निकलती थी और उसपे पहले से ही सेंधमारी शुरू हो जाती थी। चाचा-भतीजे की जोड़ी निकल पड़ती थी वसूली के लिए। आज बहनों और भाइयों ऐसा नहीं हो सकता। कोई पर्व और त्योहार होता था तो पर्व और त्योहार के प्रारंभ होते ही उपद्रव शुरू हो जाते थे। उपद्रव, दंगे, कर्फ्यू यह एक पहचान बन गई थी यूपी की। कोई निवेश नहीं होता था। और आज मुझे बताते हुए प्रसन्नता है अब यूपी में नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में है सब चंगा। अब यूपी में सब चंगा है, कोई कर्फ्यू नहीं, उत्सव का माहौल है। हमने तो पहले ही कहा था, कि जो उत्सव को उपद्रव में बदलेगा, जो बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाएगा, जो युवाओं की नौकरी में सेंध लगाएगा, नोट करना, दो ही जगह होंगी, या जेल होगा या जहन्नुम होगा, तीसरी कोई जगह नहीं होगी।”

