समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-हसनपुर:- हसनपुर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरुत्थान विकास खंड स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं, आधुनिक खेती तथा जनसुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पुत्र मुदित गुर्जर ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
गोष्ठी में विषय वस्तु विशेषज्ञ कपिल कुमार ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम कुसुम योजना, कृषि यंत्रीकरण योजना तथा पीएम सूर्य घर योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र किसानों से इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर कृष्ण कुमार शर्मा ने हाल ही में मध्य प्रदेश में बोरवेल में गिरने से चार वर्षीय मासूम की हुई मौत का उल्लेख करते हुए किसानों और ग्रामीणों से खुले एवं अनुपयोगी बोरवेल को तत्काल सुरक्षित रूप से बंद कराने की अपील की। उन्होंने बरसात के मौसम में गड्ढों में जलभराव, शौचालयों के गड्ढों, ईंट-भट्टों के आसपास भरे पानी तथा खेतों में ट्यूबवेल के पास पानी से भरी पुलियों जैसी खतरनाक जगहों से छोटे बच्चों को दूर रखने और उनके प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया।पूर्व एडीओ पीपी रामपाल ने कृषि रक्षा रसायनों के सुरक्षित उपयोग तथा फसलों में कीट एवं रोग नियंत्रण के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख पुत्र मुदित गुर्जर, विषय वस्तु विशेषज्ञ कपिल कुमार, पूर्व एडीओ पीपी रामपाल, बहुउद्देशीय सहकारी समिति भदौरा के सभापति कृष्ण कुमार शर्मा, चंद्रप्रकाश शर्मा, महिपाल, हरकेश सिंह, धर्मपाल सिंह सहित कृषि विभाग के समस्त अधिकारियों,कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में किसानों ने प्रतिभाग किया।

