समर इंडिया सवाददाता जावेद चौधरी
Hasanpur News-हसनपुर। ग्रामीण इलाकों में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला एक बार फिर दहला देने वाला है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर भूड निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान खेमचंद (पुत्र रूमी) खेत की रखवाली करने को गये थे। उनको एक आवारा सांड ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया।
घटना के समय खेमचंद अपने खेत की देखभाल कर रहे थे। तभी सांड ने उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। और अपने नुकीले सींग उनके शरीर में घोंप दिये। किसान की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की तरफ दौड़े, लेकिन जब तक वे सांड को भगा पाते, तब तक किसान दम तोड़ चुका था।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि इसी खूनी सांड ने ठीक एक महीने पहले बाग की रखवाली कर रहे एक अन्य किसान की भी जान ले ली थी। प्रशासन की लापरवाही के कारण आज दूसरे घर का चिराग बुझ गया।
किसान की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शव का पंचनामा भरकर पुलिस उसे पोस्टमार्टम पर भेजे जाने की तैयारी कर रही थी। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से इस खूनी सांड को तुरंत पकड़वाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

