सड़क पर सूख रही मक्का पर बाइक फिसलने से हादसा, ममेरे-फुफेरे भाइयों की मौत
बदायूं में दबतोरी-बिसौली मार्ग पर परसिया गांव के पास शनिवार देर रात सड़क पर सूख रही मक्का के दानों की वजह से बाइक अचानक फिसल गई और काफी दूर तक रपटते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। हादसे में शादी में बैंड बाजा बजाने जा रहे बाइक सवार ममेरे-फुफेरे भाई की मौत हो गई। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
दोनों नबाबपुरा, थाना सिरौली, बरेली के निवासी थे। चांद बाबू (35) पुत्र अली अहमद और नौशाद (35) पुत्र कुंदन दोनों भाई बाइक से अपने घर से आए थे और बिसौली की तरफ जा रहे थे।शनिवार की देर रात साढ़े नौ बजे परसिया के भट्टे के पास सड़क पर सूख रही मक्का के दानों के कारण उनकी बाइक अचानक फिसल गई। बाइक काफी दूर तक सड़क पर रपटती हुई आगे चल रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची दबतौरी पुलिस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक नौशाद पांच भाइयों में मझला था।उसके परिवार में पत्नी चंदा और चार छोटे बच्चे हैं। वहीं, चांद बाबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके पीछे पत्नी गुड्डो और दो बच्चे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन बिसौली के लिए रवाना हो गए।इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।मामला संज्ञान में आया है।सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और तथ्य सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।-अंशुमन श्रीवास्तव, सीओ बिसौली-रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

