समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा)। लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में हुई भीषण आग की घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने शनिवार को हसनपुर में विभिन्न कोचिंग संस्थानों, कंप्यूटर केंद्रों और लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और अग्नि सुरक्षा मानकों की जमीनी स्थिति का आकलन करना था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी रतन सिंह के नेतृत्व में चली जांच के दौरान गजरौला रोड स्थित राजपूत कॉलोनी की लक्ष्य लाइब्रेरी बेसमेंट में संचालित मिली, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना गया। इसके अलावा संतोष कंप्यूटर विद्यापीठ (डगरोली), के.सी.जी. एकेडमी और विनय लाइब्रेरी का भी गहन निरीक्षण किया गया।निरीक्षण में अधिकांश संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। कई स्थानों पर आपातकालीन निकास (एग्जिट रूट) संकरे और अवरुद्ध पाए गए, जबकि अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं मिली। विभाग ने सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी रतन सिंह ने संस्थान संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने कर्मचारियों और छात्रों को आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की जानकारी दी तथा अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समय के भीतर संस्थानों में आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो संबंधित कोचिंग संस्थानों और केंद्रों के विरुद्ध सीलिंग सहित कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

