समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
अमरोहा। आदमपुर थाना क्षेत्र के ढबारसी गांव में मंगलवार शाम लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 विद्यार्थियों की याद में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान ग्रामीणों, युवाओं और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन यात्रा निकाली और दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर मृत विद्यार्थियों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। लोगों ने इस घटना को देश के लिए एक बड़ी क्षति बताया और गहरा शोक व्यक्त किया।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की कि सभी कोचिंग सेंटरों और शिक्षण संस्थानों में अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन निकास द्वार और अन्य सुरक्षा संसाधनों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू प्रधान, राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष इरकान अली, भाजपा नेता संजय सागर, अंकित सागर, विनीत सागर, मिंटू सागर, विकास सागर, हिमांशु सागर, आकाश सागर और इंद्रजीत सागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे। सभी ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत विद्यार्थियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।कार्यक्रम के आयोजक संजय सागर ने कहा कि यह कैंडल मार्च केवल श्रद्धांजलि देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक संदेश भी है। उन्होंने दिवंगत विद्यार्थियों की आत्मा की शांति और उनके परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

