समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-अमरोहा। गंगा दशहरा पर्व को लेकर जनपद में पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 23 जून से 25 जून की सुबह तक दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे (NH-9) पर रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, गंगा दशहरा का पर्व 24 जून को मनाया जाएगा। इस दौरान बृजघाट गंगा धाम और तिगरी गंगा धाम पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
हापुड़ और अमरोहा पुलिस के संयुक्त प्लान के तहत 23 जून सुबह 8 बजे से डायवर्जन लागू होगा, जो 25 जून सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस अवधि में हाईवे पर भारी और हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि भीड़ अधिक बढ़ती है या जाम की स्थिति बनती है, तो हल्के वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा सकता है।प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। गंगा दशहरा मेले को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

