अब थाने से ही होगी एसएसपी से सीधी सुनवाई
बदायूं में 11 जून से रोजाना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जनसुनवाई
बदायूं।आमजन की समस्याओं के त्वरित,प्रभावी और पारदर्शी निस्तारण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा ने एक नई पहल शुरू की है।इसके तहत कल 11 जून से प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई आयोजित की जाएगी।
इस व्यवस्था के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी निर्धारित समय पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहेंगे।जनसुनवाई के दौरान नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं अपने संबंधित थाने पर पहुंचकर थाना प्रभारी के माध्यम से सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख सकेंगे।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि अधिकतम जनसमस्याओं का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को अपनी शिकायत लेकर पुलिस कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें त्वरित न्याय मिल सके।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों की सुनवाई के साथ-साथ कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं,प्रार्थना-पत्रों तथा अन्य पुलिस संबंधी मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण,प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी तथा उनके अनुपालन की नियमित मॉनिटरिंग भी करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने जनसामान्य से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि में अपने संबंधित थाने पर पहुंचकर अपनी शिकायतें प्रस्तुत करें, ताकि उनका शीघ्र और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। यह पहल पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ शिकायत निस्तारण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

