Akshaya Tritiya Gold Rate: अक्षय तृतीया का पावन पर्व नजदीक है, लेकिन अगर आप सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो बाजार की ताजा तेजी आपके पसीने छुड़ा सकती है। वेडिंग सीजन शुरू होते ही भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों ने रॉकेट जैसी रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार 15 अप्रैल को IBJA पर सोने के दाम में 3000 रुपये और चांदी में 12000 रुपये तक का भारी उछाल दर्ज किया गया।
IBJA पर क्या हैं आज के भाव? (प्रति 10 ग्राम)
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, बाजार में जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली है:
24 कैरेट गोल्ड: 2854 रुपये की बढ़त के साथ 152,865 रुपये पर पहुंचा।
महीने भर का उतार-चढ़ाव: गिरावट के बाद अचानक आई तेजी
हैरानी की बात यह है कि पिछले एक महीने में सोना करीब 3571 रुपये सस्ता हुआ था। 16 मार्च को 24 कैरेट सोने की कीमत 156,436 रुपये थी, लेकिन अक्षय तृतीया और शादी सीजन की आहट ने बाजार का रुख पूरी तरह पलट दिया है। चांदी में भी पिछले महीने के मुकाबले 308 रुपये की मामूली बढ़त के साथ अब बड़ी तेजी के संकेत मिल रहे हैं।
अक्षय तृतीया तक 1.62 लाख रुपये का टारगेट
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार ऑल इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल ने कीमतों को लेकर बड़ा अनुमान जताया है। उनके अनुसार 15 अप्रैल से वेडिंग सीजन शुरू होने के कारण फिजिकल गोल्ड की डिमांड बढ़ गई है। 19 अप्रैल (अक्षय तृतीया) तक भारी मांग के चलते सोना 162,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकता है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अक्षय तृतीया तक मांग कम होने के आसार नहीं हैं। ऐसे में जो लोग शादियों के लिए खरीदारी करना चाहते हैं, उनके लिए हर छोटी गिरावट पर खरीदारी करना समझदारी हो सकती है। हालांकि, ऊंचे भावों पर एकमुश्त निवेश करने के बजाय किस्तों में खरीदारी (SIP मोड) बेहतर विकल्प हो सकता है।

